TRENDING TAGS :
Auraiya News: 25 हजार के इनामी गोवध आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
Auraiya News: औरैया में पुलिस मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी गोवध आरोपी मुबारक हुसैन उर्फ राजा को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया।
Auraiya Police Encounter
Auraiya News: औरैया में बुधवार तड़के पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी गोवध आरोपी मुबारक हुसैन उर्फ राजा गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अजीतमल क्षेत्र से फरार होने की कोशिश कर रहा था। भीखेपुर-जुआ मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद उसने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोवध के मामले में वांछित मुबारक हुसैन बाइक से क्षेत्र से निकलने वाला है। सूचना के आधार पर अजीतमल पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ भीखेपुर-जुआ मार्ग पर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान भीखेपुर की ओर से बिना नंबर की बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह घबरा गया और बाइक का संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर पड़ा।
पुलिस का दावा है कि बाइक से गिरने के बाद आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली थाना प्रभारी की जीप में भी लगी। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।क्षेत्राधिकारी अजीतमल मनोज गंगवार के अनुसार, मुबारक हुसैन उर्फ राजा इस्लामनगर, बाबरपुर का निवासी है और 25 हजार रुपये का इनामी वांछित आरोपी था। पुलिस जांच में उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाने के साथ ही मुठभेड़ की कार्रवाई से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया भी पूरी कर रही है।


