Auraiya News:औरैया में प्रसव के दौरान महिला और नवजात की मौत, परिजनों ने सफाईकर्मी पर लगाए गंभीर आरोप

Auraiya News: औरैया के दिबियापुर क्षेत्र में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला और नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने सफाईकर्मी पर गंभीर लापरवाही और पैसे लेकर घर में प्रसव कराने का आरोप लगाया है। मामले की जांच जारी है।

Ashraf Ansari
Published on: 13 Jun 2026 6:10 PM IST
Auraiya News:औरैया में प्रसव के दौरान महिला और नवजात की मौत, परिजनों ने सफाईकर्मी पर लगाए गंभीर आरोप
X

Auraiya News

Auraiya News: औरैया जनपद के दिबियापुर थाना क्षेत्र के मुरली पूर्व लखियामऊ गांव में प्रसव के दौरान 20 वर्षीय गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने 100 शैय्या अस्पताल चिचौली में तैनात एक सफाईकर्मी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, गर्भवती महिला सपना को शनिवार को प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर ले जाया जा रहा था। आरोप है कि अस्पताल के गेट पर तैनात सफाईकर्मी रेखा ने उन्हें रोक लिया और कहा कि अस्पताल में प्रसव के दौरान ऑपरेशन कराना पड़ सकता है, जिससे अधिक खर्च आएगा। परिजनों का आरोप है कि सफाईकर्मी ने 10 हजार रुपये लेकर अपने घर पर सामान्य प्रसव कराने का भरोसा दिया।

बताया गया कि इसके बाद रेखा सपना को अपने घर ले गई, जहां प्रसव कराया गया। प्रसव के दौरान नवजात बच्ची मृत पैदा हुई। वहीं, प्रसव के बाद सपना को लगातार अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार उसकी बिगड़ती हालत की जानकारी दी, लेकिन सफाईकर्मी उन्हें यह कहकर आश्वस्त करती रही कि रक्तस्राव जल्द बंद हो जाएगा।समय बीतने के साथ सपना की हालत और गंभीर होती गई। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए सफाईकर्मी सपना को सीएचसी दिबियापुर लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में सफाईकर्मी रेखा का कहना है कि परिजनों ने स्वयं फोन कर उससे प्रसव कराने का अनुरोध किया था। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि महिला को अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसे घर ले जाकर प्रसव कराया गया। प्रसव के दौरान नवजात मृत पैदा हुई और महिला की भी अत्यधिक रक्तस्राव से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story