Auraiya News: औरैया में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में उपनिरीक्षक की मौत, पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि

Auraiya News : औरैया में हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से पुलिस जीप हादसे का शिकार, उपनिरीक्षक दिनेश भदौरिया की मौत

Ashraf Ansari
Published on: 28 May 2026 7:49 PM IST (Updated on: 28 May 2026 7:50 PM IST)
Auraiya News: औरैया में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में उपनिरीक्षक की मौत, पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि
X

Auraiya Accident News 

Auraiya News : औरैया जनपद में ड्यूटी के दौरान हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में उपनिरीक्षक दिनेश भदौरिया की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगत उपनिरीक्षक के पार्थिव शरीर को रिजर्व पुलिस लाइन औरैया लाया गया, जहां पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस परिवार के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मौन धारण किया तथा सलामी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया।

जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक दिनेश भदौरिया (58) पुत्र स्वर्गीय बुद्ध सिंह भदौरिया ग्राम व पोस्ट फतेहपुरा, थाना जैतपुर कलां के निवासी थे। मंगलवार रात वह हाईवे पेट्रोलिंग में नाइट ड्यूटी पर तैनात थे। उनके साथ हेड कांस्टेबल सुरेश और सिपाही मनोज भी मौजूद थे। तीनों पुलिसकर्मी दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे (NH-19) पर गश्त कर रहे थे।

रात करीब 9:45 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के मिहोली फ्लाईओवर बाईपास के पास पुलिस जीप सड़क किनारे खड़ी थी। बताया जा रहा है कि उसी दौरान पीछे एक हरियाणा नंबर का ट्रक (HR 38 AL 4334) भी खड़ा था। तभी इटावा की ओर से तेज रफ्तार डंपर आया और उसने पीछे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक आगे खड़ी पुलिस जीप से जा भिड़ा।भीषण टक्कर के बाद पुलिस जीप करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई और सड़क किनारे खाई में पलटते हुए एक पेड़ से टकरा गई।

हादसे में जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे उपनिरीक्षक दिनेश भदौरिया सहित दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलते ही सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उपनिरीक्षक दिनेश भदौरिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story