Auraiya News: औरैया में वृक्षारोपण,पर्यावरण एवं गंगा समिति की बैठक सम्पन्न, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

Auraiya News: औरैया कलेक्ट्रेट में आयोजित संयुक्त बैठक में डीएम बृजेश कुमार ने वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

Ashraf Ansari
Published on: 23 May 2026 7:19 PM IST
Auraiya News: औरैया में वृक्षारोपण,पर्यावरण एवं गंगा समिति की बैठक सम्पन्न, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
X

Auraiya News

Auraiya News: औरैया कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण, नदियों के पुनरुद्धार और गंगा स्वच्छता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे समय से माइक्रोप्लान तैयार कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वृक्षारोपण कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिकता न बने, बल्कि लगाए गए पौधों की सतत निगरानी और संरक्षण भी किया जाए, ताकि उनकी जीवित रहने की दर बेहतर हो सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि चयनित भूमि के अनुसार उपयुक्त प्रजातियों के पौधों का चयन किया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार समय रहते मांग पत्र उपलब्ध कराए जाएं, जिससे अभियान के दौरान पौधों की उपलब्धता में कोई समस्या न हो। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया।जिला गंगा समिति की बैठक में डीएम ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि यमुना नदी में गिरने वाले सभी नालों का बायो रिमेडिएशन एवं फाइटो रिमेडिएशन कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। साथ ही सिंचाई विभाग को छोटी नदियों के पुनरुद्धार का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ‘एक जनपद एक नदी’ योजना के अंतर्गत चयनित पुराहा नदी के पुनर्जीवन कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ड्रोन सर्वे कराकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो वहां श्रमदान और मनरेगा के माध्यम से कार्य कराकर लागत कम की जाए और सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित हो।बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश भी दिए गए।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, प्रभागीय वनाधिकारी सीपी सिंह, जिला विकास अधिकारी सतीश कुमार पाण्डेय, डीआरडीए परियोजना निदेशक मनीष कुमार मौर्य, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story