Auraiya News: औरैया में दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर मिले दो युवकों के शव, इलाके में मची सनसनी

Auraiya News: औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर दो अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Ashraf Ansari
Published on: 19 Nov 2026 12:47 PM IST
Auraiya News: औरैया में दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर मिले दो युवकों के शव, इलाके में मची सनसनी
X

Auraiya News

Auraiya News: औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर दो अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव धारा का पुरवा गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही अछल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब नौ बजे स्टेशन मास्टर ने अछल्दा पुलिस को रेलवे ट्रैक के किनारे दो शव पड़े होने की सूचना दी। स्टेशन मास्टर की ओर से भेजे गए मेमो में बताया गया कि दोनों शव रेलवे खंभा संख्या 1112/3 और 1112/10 के पास मिले हैं। सूचना मिलते ही थानाप्रभारी जीतमल चौधरी उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, मुन्नालाल और मेवालाल सहित पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस टीम ने दोनों स्थानों का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से युवकों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थानाप्रभारी के मुताबिक, दोनों मृतक पुरुष हैं और उनकी उम्र लगभग 30 से 31 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, एक युवक ने स्लेटी रंग की फुल बाजू टीशर्ट, काली जैकेट और काले रंग का लोअर पहन रखा था। वहीं दूसरे युवक ने काली-सफेद रंग की फुल बाजू टीशर्ट और काला लोअर पहना हुआ था। पुलिस को तलाशी के दौरान दोनों शवों के पास से दो टूटे हुए मोबाइल फोन भी मिले हैं। इन मोबाइल फोन की जांच कर युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।दोनों मृतकों की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और जीआरपी से संपर्क किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक कहां के रहने वाले थे और रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे। फिलहाल उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story