TRENDING TAGS :
Auraiya News: योग सप्ताह का शुभारंभ, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को मिला बल
Auraiya News: औरैया में योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया, जिससे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को गति मिली। कार्यक्रम में लोगों को योग के लाभ और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
Auraiya News(Photo-Social Media)
Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सप्ताह का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। जिला प्रशासन, नगर पालिका परिषद औरैया तथा तिलक महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को शहीद पार्क में भव्य योग शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अधिकारियों ने भाग लिया। योग प्रशिक्षक एवं प्राकृतिक चिकित्सक शशिराज सेठ ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया तथा नियमित योग करने का संकल्प भी दिलाया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष अनुप गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रह सकता है। उन्होंने नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। तिलक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने कहा कि योग जीवन में संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग को पहुंचाने और इसे जन-आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन एक विचित्र पहल संस्था के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता ने किया। शिविर में जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. परवीन, अधिशासी अधिकारी राम आसरे, योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्रा, सहायक योग प्रशिक्षक उत्कर्ष सिंह, आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. हरी प्रताप, डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. राजेश, विजय उपाध्याय और आशीष पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि योग शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका परिषद की ओर से जलपान की व्यवस्था की गई। इस आयोजन को सफल बनाने में आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन का विशेष सहयोग रहा।


