TRENDING TAGS :
Auraiya News: भाजपा की बैठक, संगठन मजबूती और योजनाओं पर दिया जोर
Auraiya News: मंत्री राकेश राठौर ने कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की, जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने तीनों विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य बताया।
भाजपा की बैठक, संगठन मजबूती और योजनाओं पर दिया जोर (Photo- Newstrack)
Auraiya News: औरैया में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं जिले के प्रभारी राकेश राठौर ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, लगन और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर ही पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है।
राकेश राठौर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों की जानकारी पहुंचाएं।
मद्य निषेध परिषद के उपाध्यक्ष बृजेश शुक्ला ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को आम जनता के बीच सक्रिय रहना चाहिए। लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयास करना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं जिला प्रभारी दिनेश वाजपेई ने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से काम करें।
भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। उनके मुताबिक विपक्ष के पास जनता के बीच उठाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार ने किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा, राघव मिश्रा, विशाल शुक्ला, मनु राजपूत, भूरे चौबे, इन्द्रपाल पाल, माधव राजपूत, प्रतिमा अवस्थी, मोनू सेंगर, अमरचंद राठौर, आशाराम राजपूत, आदित्य चतुर्वेदी, मंजू चौहान, योगेंद्र कैथवार, स्वदेश पोरवाल, प्रतीक सिंह, विमल दुबे, अशोक दोहरे, रविन्द्रीय शाक्य, देवेंद्र सेंगर, जगमोहन सिंह चौहान, नीता सेंगर, सुमन नायक, कंचन श्रीवास्तव, दीपक कश्यप, सोनू मिश्रा, प्रभाकर सेंगर, सर्वेंद्र भदौरिया, अंकित तिवारी और मन्नू तोमर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


