औरैया: बेटी की शादी के दिन बड़े भाई की मौत, खुशियां मातम में बदलीं; भारी मन से की विदाई

Auraiya News: अजीतमल के मौहारी गांव की घटना, हार्ट अटैक के बाद आगरा के अस्पताल में चल रहा था इलाज; शादी की रस्में पूरी कर रात में बेटी को किया विदा।

Ashraf Ansari
Published on: 21 Nov 2026 2:22 PM IST
औरैया: बेटी की शादी के दिन बड़े भाई की मौत, खुशियां मातम में बदलीं; भारी मन से की विदाई
X

Auriya News: औरैया के अजीतमल क्षेत्र के मौहारी गांव में बेटी की शादी के दिन परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शादी की खुशियों के बीच दुल्हन के बड़े भाई की आगरा के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। भाई की मौत की खबर पहुंचते ही शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई। कुछ देर पहले तक जहां घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, वहीं देखते ही देखते माहौल मातम में बदल गया। इसके बावजूद परिवार ने भारी मन से बेटी की शादी की रस्में पूरी कर रात करीब नौ बजे उसे विदा किया।

मामला अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के मौहारी गांव का है। गांव निवासी राजू नागर बीएसएफ में नौकरी करते हैं। उनके बड़े बेटे विक्रम नागर एक निजी स्कूल में शिक्षक थे। बताया गया कि करीब चार दिन पहले विक्रम को अचानक दिल का दौरा पड़ा था। उनकी हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां उनका इलाज चल रहा था, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।

शुक्रवार को राजू नागर की बेटी ज्योति की शादी गांव के ही एक गेस्ट हाउस में आयोजित की गई थी। शादी में शामिल होने के लिए रिश्तेदार और परिचित पहुंचे थे। बारात के स्वागत से लेकर विवाह की रस्मों तक परिवार के लोग तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान आगरा के अस्पताल से विक्रम की मौत की खबर आ गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शादी समारोह में मौजूद रिश्तेदारों और परिचितों के बीच भी शोक की लहर दौड़ गई।

एक तरफ जवान बेटे की मौत का असहनीय दुख था तो दूसरी तरफ बेटी की शादी और विदाई की जिम्मेदारी। ऐसी कठिन परिस्थिति में परिजनों ने खुद को संभालते हुए रात करीब नौ बजे विवाह की शेष रस्में पूरी कराईं और बेटी ज्योति को विदा किया।विक्रम अपने पीछे पत्नी नीतू और तीन बेटों यश, अभि तथा एक नवजात को छोड़ गए हैं। पिता की मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। एक ही दिन परिवार में बेटी की विदाई और बेटे की अर्थी उठने की नौबत ने हर किसी को भावुक कर दिया। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story