TRENDING TAGS :
Auraiya News: जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों पर डीएम ने दिए जरूरी निर्देश
Auraiya News: जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर डीएम ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा।
Auraiya News(Photo-Social Media)
Auraiya News: औरैया में जनगणना-2027 के दूसरे चरण को सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनगणना की तैयारियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों के प्रशिक्षण, क्षेत्रवार कार्य विभाजन, तकनीकी व्यवस्थाओं और विभागीय समन्वय की स्थिति की जानकारी दी।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना का कार्य बेहद महत्वपूर्ण और व्यापक स्तर का राष्ट्रीय दायित्व है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना ड्यूटी में लगाए गए अधिकारी, कर्मचारी और सुपरवाइजर निर्धारित दिशा-निर्देशों तथा पूछे जाने वाले प्रश्नों को अच्छी तरह समझ लें, ताकि फील्ड में किसी तरह की असमंजस की स्थिति न बने।
डीएम ने कहा कि गणनाकर्मी घर-घर जाकर परिवारों से निर्धारित सवालों के आधार पर ही जानकारी एकत्र करें। प्रत्येक परिवार का विवरण सही तरीके से दर्ज किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी घर या परिवार जनगणना की प्रक्रिया से बाहर न रह जाए। उन्होंने आंकड़ों की शुद्धता को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गणनाकर्मियों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया समय से पूरी कराने के साथ ही क्षेत्रवार जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने को कहा। उन्होंने जनगणना कार्य के लिए आवश्यक सामग्री, डिजिटल और तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता तथा निगरानी व्यवस्था को भी समय रहते मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल निस्तारण होना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें और किसी भी समस्या को लंबित न छोड़ें। डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी, गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, सरकारी नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए कार्य को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार, बीएसए संजीव कुमार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन पाल, तहसीलदार, बीडीओ, बीईओ, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


