Auriya News: गंगा दशहरा और बकरीद को लेकर पीस कमेटी की बैठक, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

Auriya News: गंगा दशहरा और बकरीद त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। प्रशासन ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए।

Ashraf Ansari
Published on: 24 May 2026 6:15 PM IST
Auriya News
X

Auriya News(Photo-Social Media)

Auriya News: औरैया में आगामी त्योहार गंगा दशहरा और ईदुज्जुहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, साफ-सफाई, सुरक्षा और आपसी भाईचारे को मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बकरीद के दौरान कुर्बानी के बाद निकलने वाले पशु अवशेषों के उचित निस्तारण पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि अवशेषों को पॉलीथिन में बंद कर निर्धारित स्थान या कूड़ा कलेक्शन वाहन में ही डाला जाए, ताकि कहीं भी गंदगी न फैले और आमजन को परेशानी न हो।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पूरी तरह वर्जित रहेगी और खुले स्थानों पर कुर्बानी नहीं की जाएगी। नमाज केवल निर्धारित स्थानों पर ही अदा की जाएगी तथा किसी नए स्थान का चयन नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, चूना छिड़काव, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

गंगा दशहरा को लेकर घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही घाटों और जल स्रोतों पर गोताखोरों तथा नावों की व्यवस्था रखने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और किसी भी अफवाह पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा। बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story