TRENDING TAGS :
Auraiya News: जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
Auraiya News: औरैया जनपद में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लाभार्थियों तक समय पर सेवाएं पहुंचाने के निर्देश दिए।
Auraiya News
Auraiya News: औरैया जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति का आकलन करने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में किया गया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में हुए संस्थागत प्रसवों और लाभार्थियों को किए गए भुगतान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि उपलब्ध बजट के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मासिक लक्ष्यों को पूरा करने के लिए शासन स्तर पर अग्रिम बजट की मांग हेतु पत्राचार करने को कहा।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में टेलीरेडियोलॉजी योजना के अंतर्गत 1271 लाभार्थियों की जांच की गई है तथा उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई है। वहीं मोबाइल मेडिकल यूनिट योजना के तहत 2347 मरीजों का परीक्षण एवं परामर्श किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मोबाइल मेडिकल यूनिट प्रतिदिन औसतन 39 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है। इन यूनिटों के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श, सामान्य जांच तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीएमओ ने यह भी जानकारी दी कि जनपद के मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन सुविधा उपलब्ध है, जिसके माध्यम से अब तक 853 लाभार्थियों की जांच कर समय पर रिपोर्ट प्रदान की गई है। बैठक में एफआरयू (फर्स्ट रेफरल यूनिट) की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मई माह तक मेडिकल कॉलेज औरैया में 48, सीएचसी अजीतमल में 6, जिला संयुक्त चिकित्सालय में 8 तथा सीएचसी बिधूना में 4 शल्य चिकित्सा आधारित प्रसव कराए गए हैं।बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं के प्रभावी संचालन और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।


