Auraiya News: जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त, तीन अधिकारियों का वेतन रोका

Auraiya News: औरैया में जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों का वेतन रोक दिया और कारण बताओ नोटिस जारी किया।

Ashraf Ansari
Published on: 21 May 2026 5:03 PM IST
Auraiya News: जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त, तीन अधिकारियों का वेतन रोका
X

Auraiya News

Auraiya News: औरैया जनपद में जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिलाधिकारी बुजेश कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने और बैठक में अनुपस्थित रहने पर उपायुक्त वाणिज्य कर, जिला खनन अधिकारी तथा सचिव मंडी परिषद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी ने तीनों अधिकारियों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त संदर्भों के संबंध में आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी वास्तविक समस्या को समझा जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न बनकर वास्तविक समाधान आधारित होना चाहिए। इसके लिए आवश्यक होने पर स्थल निरीक्षण किया जाए तथा दोनों पक्षों को बुलाकर गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निस्तारण के बाद विस्तृत रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जाए, जिसमें संबंधित स्थान, दोनों पक्षों के नाम, मोबाइल नंबर और जीपीएस लोकेशन सहित फोटोग्राफ भी शामिल हों।

जिलाधिकारी ने उप निदेशक मंडी (निर्माण) को आगामी बैठक में स्वयं उपस्थित रहने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जिन विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों के मामलों में आवेदकों द्वारा 80 प्रतिशत से कम संतुष्टि फीडबैक दिया गया, उनके खिलाफ भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।बैठक में सभी जनपद स्तरीय, तहसील स्तरीय और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों द्वारा प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जनपद स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनें और उनका त्वरित समाधान करें। साथ ही जनता दर्शन में प्राप्त आवेदनों को पोर्टल पर समय से अपलोड करने के भी निर्देश दिए गए।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश चंद्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सतीश कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story