Auraiya News: औरैया में विकास व शिकायत निस्तारण पर सख्त डीएम, अधिकारियों को चेतावनी

Auraiya News: शासन योजनाओं की प्रगति, आईजीआरएस व सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में डीएम ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य न करने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

Ashraf Ansari
Published on: 6 Jan 2026 4:51 PM IST
Strict DM on development and grievance redressal in Auraiya, warning official
X

औरैया में विकास व शिकायत निस्तारण पर सख्त डीएम, अधिकारियों को चेतावनी (Photo- Newstrack)

Auraiya News: औरैया जनपद में शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और आमजन को समयबद्ध राहत देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य आईटीआई को कौशल विकास मिशन के अंतर्गत 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल एवं सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और तथ्यों के साथ समयबद्ध समाधान पर जोर दिया। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों (BDOs) को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सीडीपीओ, एडीओ पंचायत, खंड शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित विकासखंड स्तर के अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठक करें।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि अतिरिक्त प्रभार वाले खंड विकास अधिकारियों को लिखित रूप में सूचित किया जाए कि वे सप्ताह में तीन दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बैठकर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें। वहीं सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने-अपने न्यायालयों में पांच वर्ष एवं तीन वर्ष से अधिक लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों को छात्रवृत्ति प्रकरणों का जनपद व विद्यालय स्तर से शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को आवारा गोवंश को पकड़कर निकटवर्ती गोशालाओं में संरक्षित करने हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने जूम मीटिंग में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। समाधान दिवस और जूम बैठकों में समय पर उपस्थित न होने पर कड़ी चेतावनी भी दी गई।

बैठक में जीरो पॉवर्टी में चिह्नित लाभार्थियों को शासन की सभी योजनाओं से पात्रता के आधार पर लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, पेंशन योजनाओं सहित सभी विभागीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story