TRENDING TAGS :
Auraiya News: युवक ने फंदा लगाकर जान दी, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
Auraiya News: औरैया के गुलरियापुर गांव में 32 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। पत्नी से विवाद के बाद हुई घटना में दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया जांच शुरू।
युवक ने फंदा लगाकर जान दी, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया (Photo- Social Media)
Auraiya News: औरैया के बिधूना क्षेत्र के गुलरियापुर गांव में पारिवारिक कलह से परेशान एक 32 वर्षीय युवक ने गुरुवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में युवक को फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिधूना लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना सहार थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
पारिवारिक विवाद या कोई और वजह
मृतक की पहचान गुलरियापुर निवासी महेंद्र सिंह (32) के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था। मृतक के पिता महेश चंद्र ने बताया कि महेंद्र को शराब पीने की लत थी। इसी वजह से उसका अक्सर पत्नी रेखा से विवाद होता रहता था। बुधवार को भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। विवाद के बाद महेंद्र अपनी पत्नी रेखा को उसके मायके जदैयापुर, थाना तिर्वा, जिला कन्नौज छोड़ आया था।
बताया गया कि गुरुवार रात करीब नौ बजे महेंद्र अत्यधिक नशे की हालत में अपने घर लौटा। घर आने के बाद वह बिना किसी से ज्यादा बातचीत किए अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो महेंद्र फंदे से लटका हुआ था। यह देखकर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल उसे फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए सीएचसी बिधूना लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया
महेंद्र की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। वह अपने पीछे पत्नी रेखा, छह साल की बेटी मिष्ठी और महज एक साल के दूधमुंहे बेटे को छोड़ गया है। पिता की मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद पूरे गांव में भी शोक का माहौल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। सहार थाना प्रभारी गणेश गुप्ता ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


