TRENDING TAGS :
Auraiya News: सलवार-सूट पहनकर शराब की दुकान में चोरी, 2.17 लाख रुपये ले उड़ा संदिग्ध
Auraiya News: दिबियापुर के कंचौसी बाजार में रात शराब दुकान से 2.17 लाख रुपये चोरी हुए। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई। पुलिस फुटेज से संदिग्ध की पहचान कर जांच में जुटी है।
सलवार-सूट पहनकर शराब की दुकान में चोरी, 2.17 लाख रुपये ले उड़ा संदिग्ध (Photo- Newstrack)
Auraiya News: औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र के कंचौसी बाजार में कंपोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है। यहां सलवार-सूट पहनकर पहुंचे एक संदिग्ध व्यक्ति ने दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर काउंटर में रखे 2 लाख 17 हजार रुपये चोरी कर लिए। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस संदिग्ध की पहचान करने में जुट गई है।
दुकान संचालक उदय दीक्षित और सेल्समैन ब्रजेश कुमार के मुताबिक, वे रोजाना की तरह रात करीब 10 बजे दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे। उस समय दुकान के काउंटर में एक बैग रखा था, जिसमें बिक्री के 2 लाख 17 हजार रुपये मौजूद थे। रात में दुकान बंद होने के बाद किसी को भी अंदर जाने की जानकारी नहीं थी।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, रात करीब 1 बजकर 28 मिनट पर सलवार-सूट पहने एक व्यक्ति दुकान के पास पहुंचा। आरोप है कि उसने दुकान के पीछे लगे दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गया। इसके बाद वह काउंटर में रखा बैग निकालकर उसमें मौजूद पूरी नकदी लेकर मौके से फरार हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद संदिग्ध वहां से निकल गया।
सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक और सेल्समैन ने पीछे के दरवाजे का ताला टूटा देखा तो उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर जांच करने पर काउंटर में रखा नकदी से भरा बैग गायब मिला। इसके बाद दुकान संचालक उदय दीक्षित ने पुलिस चौकी कंचौसी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और घटना की जानकारी देते हुए चोरी का खुलासा करने की मांग की।
सूचना मिलते ही कंचौसी चौकी प्रभारी सौरभ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुकान संचालक व सेल्समैन से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
दिबियापुर थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।


