Auraiya News: त्योहारों से पहले मीट-मछली की दुकानों पर प्रशासन का शिकंजा, तीन जगह मिली अनियमितताएं

Auraiya News: त्योहारों से पहले औरैया में मीट-मछली की दुकानों पर प्रशासन की सख्ती, जांच में तीन जगह अनियमितताएं मिलीं।

Ashraf Ansari
Published on: 4 Sept 2026 1:08 PM IST
Auraiya News
X

Auraiya News(Photo-Social Media)

Auraiya News: औरैया में त्योहारों के मद्देनजर शहर में खाद्य सुरक्षा और नियमों के अनुपालन को लेकर प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को एसडीएम सदर ब्रम्हानंद के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने तकिया तिराहे के आसपास संचालित मीट और मछली की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बन गई।

टीम के मौके पर पहुंचते ही आसपास के कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और वहां से चले गए। इसके बाद अधिकारियों ने क्षेत्र में खुली मीट और मछली की दुकानों की जांच शुरू की। टीम ने दुकानों पर खाद्य सुरक्षा से संबंधित मानकों, आवश्यक दस्तावेजों और बिक्री के लिए जरूरी अनुमति की जानकारी ली। जांच के दौरान तीन दुकानों में नियमों से संबंधित कमियां सामने आईं।

अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों को कमियों को दूर करने और आवश्यक कागजात पूरे कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि खाद्य पदार्थों की बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार ही की जानी चाहिए। प्रशासन की ओर से दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा विभाग में आवश्यक रजिस्ट्रेशन कराने के लिए भी कहा गया है।

एसडीएम सदर ब्रम्हानंद ने बताया कि तकिया तिराहे के आसपास बिना वैध अनुमति मीट-मछली की बिक्री किए जाने की शिकायतें लगातार प्रशासन को मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर पालिका की टीम के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों के पास वैध अनुमति या जरूरी रजिस्ट्रेशन नहीं है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने साफ किया कि जरूरी अनुमति और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी किए बिना मीट-मछली की बिक्री की अनुमति नहीं होगी। त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जांच अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने दुकानदारों से नियमों का पालन करने और किसी भी कार्रवाई से बचने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी करने की अपील की है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story