TRENDING TAGS :
Auraiya News: DM ने किय जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, दिए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
Auraiya News: औरैया में डीएम ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए। मरीजों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई।
Auraiya News(Photo-Social Media)
Auraiya News: औरैया जनपद के जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने बुधवार को 50 बेड अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन से उपचार प्रक्रिया, डॉक्टरों की उपलब्धता और मरीजों को समय पर मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने खास तौर पर ब्लड बैंक, इमरजेंसी वार्ड और दवा स्टॉक की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
मरीजों और परिजनों से भी की बातचीत
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं, डॉक्टरों के व्यवहार और उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इसी दौरान एक सड़क दुर्घटना में घायल मरीज से मुलाकात के दौरान जिलाधिकारी को पता चला कि मरीज निजी वाहन से घर जाने की तैयारी कर रहा है। यह जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत अस्पताल प्रशासन को मरीज के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के इस मानवीय कदम की अस्पताल में मौजूद लोगों और मरीजों के परिजनों ने सराहना की।
कमियों को तत्काल सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं, लेकिन कुछ कमियां भी सामने आई हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के बाद बढ़ी सक्रियता
जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन में भी सक्रियता देखने को मिली। अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। अस्पताल में सफाई व्यवस्था, दवा वितरण और इमरजेंसी सेवाओं को लेकर भी प्रशासन सतर्क नजर आया।


