Auraiya News: सड़कों के नामकरण को लेकर उठी मांग, शिक्षाविदों के नाम पर मार्ग बनाने का प्रस्ताव

Auraiya News: औरैया में सड़कों के नामकरण को लेकर नई मांग उठी है। शिक्षाविदों और समाजसेवियों के नाम पर मार्गों के नाम रखने का प्रस्ताव दिया गया है, जिससे स्थानीय इतिहास को सम्मान मिल सके।

Ashraf Ansari
Published on: 12 May 2026 3:16 PM IST
Auraiya News
X

Auraiya News(Photo-Social Media)

Auraiya News: औरैया शहर में अब सड़कों और प्रमुख मार्गों का नाम उन लोगों के नाम पर रखने की मांग उठी है, जिन्होंने अपने जीवन में समाज सेवा, शिक्षा और शहर के विकास के लिए अहम योगदान दिया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल औरैया ने इसको लेकर नगर पालिका परिषद को ज्ञापन सौंपते हुए शहर के प्रतिष्ठित दिवंगत समाजसेवियों, शिक्षाविदों और जनप्रतिनिधियों के नाम पर मार्गों का नामकरण करने का प्रस्ताव रखा है। व्यापार मंडल का कहना है कि इससे आने वाली पीढ़ियों को शहर के उन लोगों के बारे में जानकारी मिल सकेगी, जिन्होंने समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किए। साथ ही समाज में उनके प्रति सम्मान की भावना भी मजबूत होगी।

नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपा गया ज्ञापन

सोमवार सुबह जिला अध्यक्ष राजेश बाजपेई ‘बब्बू’ के नेतृत्व में व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल नगर पालिका अध्यक्ष अनुप कुमार गुप्ता से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए शहर के प्रमुख मार्गों का नामकरण महान हस्तियों के नाम पर किए जाने की मांग रखी। ज्ञापन में उन लोगों के नाम शामिल किए गए, जिन्होंने वर्षों तक समाज सेवा, शिक्षा और नगर विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कई प्रमुख हस्तियों के नाम किए गए प्रस्तावित

जिला महामंत्री स्वतंत्र अग्रवाल ने बताया कि अधिवक्ता संघ के 11 बार अध्यक्ष रहे स्वर्गीय सुरेंद्र शुक्ला ने शहर के विकास और पीड़ितों की मदद के लिए लगातार काम किया था। इसी तरह नगर पालिका परिषद औरैया के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय अंबिका प्रसाद चतुर्वेदी का भी शहर के विकास में बड़ा योगदान रहा। व्यापार मंडल की ओर से शिक्षाविद स्वर्गीय बेनी माधव गुप्ता, तिलक महाविद्यालय और तिलक इंटर कॉलेज के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय कृष्ण चंद्र भार्गव तथा समाजसेवी और शिक्षाविद स्वर्गीय बाबू सूरज नारायण अग्रवाल के नाम भी प्रस्तावित किए गए हैं। संगठन का कहना है कि इन सभी हस्तियों ने अपना पूरा जीवन शिक्षा और समाज सेवा के लिए समर्पित किया और शहर को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

नगर पालिका अध्यक्ष ने दिया आश्वासन

नगर पालिका अध्यक्ष अनुप कुमार गुप्ता ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस मांग को गंभीरता से देखा जाएगा। इस दौरान राजेश बाजपेई ‘बब्बू’, स्वतंत्र अग्रवाल, आरती नंदन तिवारी, मयंक शुक्ला एडवोकेट, आकाश गुप्ता समेत कई व्यापारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story