Auraiya News: NTPC में ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का शुभारंभ, कर्मचारियों ने चलाया वृहद श्रमदान अभियान

Auraiya News : एनटीपीसी औरैया में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 की शुरुआत वृहद श्रमदान अभियान से हुई, कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

Ashraf Ansari
Published on: 21 May 2026 2:04 PM IST
Auraiya News: NTPC में ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का शुभारंभ, कर्मचारियों ने चलाया वृहद श्रमदान अभियान
X

Auraiya News : एनटीपीसी औरैया में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 की शुरुआत

NTPC में ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का शुभारंभ, कर्मचारियों ने चलाया वृहद श्रमदान अभियान

औरैया: भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत एनटीपीसी औरैया परियोजना में ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का आयोजन पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार सुबह 6 बजे एनटीपीसी औरैया टाउनशिप परिसर में वृहद श्रमदान अभियान चलाकर स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत की गई। यह विशेष अभियान 16 मई से 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत परियोजना और टाउनशिप क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता विकसित करना और स्वच्छ वातावरण को जीवनशैली का हिस्सा बनाना भी है।

इस अभियान का नेतृत्व परियोजना प्रमुख शुभाशीष गुहा ने किया। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक, विभिन्न विभागाध्यक्ष, जागृति महिला मंडल की सदस्याएं, बड़ी संख्या में कर्मचारी तथा उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रमदान की शुरुआत अतिथि गृह परिसर से हुई, जो आगे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और टाउनशिप के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची। इस दौरान कर्मचारियों ने परिसर में फैले कूड़ा-कचरे को हटाकर व्यापक सफाई अभियान चलाया और विशेष रूप से प्लास्टिक कचरे के उचित निपटान पर जोर दिया। एनटीपीसी औरैया को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त बनाने की दिशा में भी यह अभियान महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत पूरे टाउनशिप क्षेत्र को अलग-अलग स्वच्छता जोनों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन की साफ-सफाई और रखरखाव के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान का मुख्य उद्देश्य टाउनशिप को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनाना तथा लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना है।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख शुभाशीष गुहा ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि एक संस्कार है। उन्होंने कहा कि जहां स्वच्छता होती है, वहां बीमारियों का खतरा कम होता है और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव होता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

एनटीपीसी द्वारा आगामी दिनों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और विशेष सफाई अभियान भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्वच्छ भारत मिशन के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story