TRENDING TAGS :
Auraiya News: औरैया में ईंधन व गैस आपूर्ति पर सख्ती, डीएम के कड़े निर्देश
Auraiya News: डीएम बृजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में पेट्रोल, डीजल व घरेलू गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
औरैया में ईंधन व गैस आपूर्ति पर सख्ती, डीएम के कड़े निर्देश (Photo- Newstrack)
Auraiya News: औरैया जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में संपन्न हुई, जिसमें तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में इंडियन ऑयल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, एलपीजी गैस कंपनियों के सेल्स ऑफिसर, टोरेंट गैस कंपनी के सहायक प्रबंधक, गैस वितरक तथा जिला पूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम जनता को किसी भी स्थिति में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कमी का सामना न करना पड़े।
घरेलू गैस वितरण व्यवस्था पर जोर
डीएम ने विशेष रूप से घरेलू गैस वितरण व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत ओटीपी के माध्यम से ही गैस सिलेंडर की डिलीवरी की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी गैस एजेंसियां होम डिलीवरी को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने गैस वितरण को पारदर्शी बनाने के लिए कहा कि उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग की प्राथमिकता सूची के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाए, जिसमें पहले बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक गैस एजेंसी पर घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर भी कड़े निर्देश दिए गए। सभी तेल कंपनियों के अधिकारियों को प्रतिदिन स्टॉक, आमद, बिक्री और शेष स्टॉक की जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया, ताकि आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके।
टोरेंट गैस कंपनी के सहायक प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि घरेलू गैस कनेक्शन इंस्टॉलेशन में तेजी लाई जाए तथा कैंपों के माध्यम से मेरिज होम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में प्राथमिकता के आधार पर कॉमर्शियल कनेक्शन जारी किए जाएं। साथ ही रेस्टोरेशन कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर कमल कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


