Auraiya News: मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदर्शनी व प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित

Auraiya News: औरैया सदर ब्लॉक सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदर्शनी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित हुई। किसानों को प्राकृतिक खेती, कृषि योजनाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।

Ashraf Ansari
Published on: 18 Jun 2026 6:04 PM IST
Auraiya News: मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदर्शनी व प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित
X

Auraiya News

Auraiya News: औरैया सदर ब्लॉक सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदर्शनी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया ने की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने कहा कि यह कार्यशाला केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि किसानों की समृद्धि, भूमि की उर्वरता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में कृषि क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं, जिनका लाभ देशभर के करोड़ों किसान उठा रहे हैं।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना और आधुनिक सिंचाई तकनीकों के माध्यम से किसानों को नई दिशा और मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया ने प्राकृतिक खेती को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है। ऐसे में प्राकृतिक खेती कम लागत में बेहतर उत्पादन, अधिक लाभ और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सभी किसानों से प्राकृतिक खेती को जन आंदोलन बनाने और देश की समृद्धि में योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अजीतमल रजनीश पांडे, जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और सैकड़ों किसान उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान किसानों ने प्राकृतिक खेती से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं और कृषि क्षेत्र में नवाचारों पर चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को जागरूक कर टिकाऊ एवं लाभकारी खेती को बढ़ावा देना रहा।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story