TRENDING TAGS :
Auraiya News: नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विष्णुधाम मंदिर में हुआ सुंदरकांड पाठ
Auraiya News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विष्णुधाम मंदिर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने देश की समृद्धि एवं विकास की कामना की।
Auraiya News(Photo-Social Media)
Auraiya News: औरैया जनपद के दिबियापुर स्थित फफूंद रोड पर बने विष्णुधाम मंदिर में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं देश की निरंतर प्रगति की कामना करते हुए पूजा-अर्चना तथा सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने किया, जबकि कार्यक्रम के संयोजक राजेश कुमार अग्निहोत्री रहे, जो उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा औरैया के जिला संयोजक (शिक्षक प्रकोष्ठ) भी हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विष्णुधाम मंदिर के पुजारी पंडित पवन तिवारी द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात कथावाचक एवं भागवताचार्य पंडित पुष्पराज अग्निहोत्री तथा उनकी टीम ने लगभग दो घंटे तक सुंदरकांड पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सुंदरकांड पाठ की समाप्ति पर कार्यक्रम संयोजक राजेश कुमार अग्निहोत्री ने पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र, भगवान राम की पट्टिका एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इसके साथ ही मंदिर के स्वामी, पूजा-पाठ व्यवस्थापक एवं ठेकेदार उमेश पोरवाल, पुजारी पवन तिवारी तथा सुंदरकांड पाठ करने वाले पुष्पराज अग्निहोत्री का भी सम्मान किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में लाखन सिंह राजपूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद नरेंद्र मोदी ने देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण तथा मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक जैसी प्रथा से मुक्ति दिलाने जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए इन्हें ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम में उमेश पोरवाल, सपना पोरवाल, डॉ. रामचंद्र दीक्षित, डॉ. भगवती दुबे, अरुण कुमार त्रिपाठी, शिव कुमार द्विवेदी, प्रेम कुमार गुप्ता, अवधेश शुक्ला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का माहौल श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से परिपूर्ण रहा।


