TRENDING TAGS :
Auraiya News: सहार में 15 वर्षीय किशोर की मौत, पिता पर पिटाई का आरोप
Auraiya News: औरैया के सहार क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर की मौत के बाद पिता पर पिटाई का आरोप लगा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
सहार में 15 वर्षीय किशोर की मौत, पिता पर पिटाई का आरोप (Photo- Newstrack)
Auraiya News: औरैया के सहार थाना क्षेत्र के पूर्वी सोमवंशी गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। आरोप है कि शराब के नशे में एक पिता ने अपने 15 वर्षीय बेटे रिशु की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य गांव में चल रही गणेश पूजा की आरती में शामिल होने गए थे। रिशु घर पर अकेला था। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
रिश्तेदार अरुण राजपूत ने सोमवार रात करीब 12 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही सहार थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, रिशु की मां लता देवी की करीब 12 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। मां के निधन के बाद रिशु और उसके भाई-बहन परिवार के सहारे ही बड़े हुए। रिशु का बड़ा भाई नीरज 22 वर्ष और बड़ी बहन काजल 18 वर्ष की है। उसके दादा महेंद्र सिंह और दादी मधुलता गांव में ही दूसरे मकान में रहते हैं।
पुलिस ने दी ये जानकारी
बताया गया कि रिशु अभी महज 15 वर्ष का था। परिवार के मुताबिक, घटना के समय वह घर पर अकेला था। आरोप है कि इसी दौरान उसके पिता उम्मेद सिंह ने शराब के नशे में उसकी पिटाई कर दी। शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात पुलिस ने कही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी उम्मेद सिंह ई-रिक्शा चलाता है और शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।


