TRENDING TAGS :
Auraiya News: औरैया में सुभाष चौक पर पौधारोपण, 5100 पौधों का लक्ष्य लेकर चल रहा जीवनधारा अभियान
Auraiya News: औरैया के सुभाष चौक पर जीवनधारा अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। अभियान में 5100 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
Auraiya News(Photo-Social Media)
Auraiya News: औरैया में पर्यावरण संरक्षण और शहर के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से ‘एक विचित्र पहल सेवा समिति’ की ओर से चलाया जा रहा ‘जीवनधारा पौधारोपण अभियान’ लगातार जारी है। अभियान के तहत शहर के मंदिरों, पार्कों, स्कूलों और ऐतिहासिक स्थलों पर पौधे लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में शहर के ऐतिहासिक सुभाष चौक पर पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुभाष चौक पर सफाई अभियान से हुई। इसके बाद चांदनी, क्रोटन, सदाबहार समेत कई रंग-बिरंगे फूलों के पौधे लगाए गए। समिति की ओर से लोगों को उनकी पसंद के पौधे नि:शुल्क भी वितरित किए गए। पौधों की देखभाल और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी समिति के सदस्यों को सौंपी गई है, ताकि लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि सुभाष चौक औरैया शहर का केंद्र बिंदु होने के साथ जिले का दिल है। इसकी साफ-सफाई, हरियाली और सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब सुभाष चौक हरा-भरा रहेगा और यहां फूलों की खुशबू वातावरण में फैलेगी, तो आसपास का माहौल भी खुशनुमा बनेगा। इससे यहां आने-जाने वाले लोगों को भी सकारात्मक वातावरण मिलेगा।
उन्होंने कहा कि भविष्य में संभावित आपदाओं और लगातार बिगड़ते पर्यावरण संतुलन को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाना जरूरी है। समिति द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 4890 पौधे लगाए और वितरित किए जा चुके हैं। समिति ने 5100 पौधों का लक्ष्य निर्धारित किया है। लक्ष्य पूरा होने तक पौधारोपण और पौधों का नि:शुल्क वितरण जारी रहेगा।
इस अवसर पर बैंक से सेवानिवृत्त तेज बहादुर वर्मा, राकेश गुप्ता, डॉ. शिवकुमार सोनी, मोहन पुरवार, समाजसेवी एलएन गुप्ता, अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद औरैया के जिला महामंत्री नरेश चंद्र शिवहरे, नगर अध्यक्ष देवमुनि पोरवाल, पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरु), राम आसरे गुप्ता समेत कई पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।


