TRENDING TAGS :
घर में अकेली थी 11 साल की बच्ची, पड़ोसी की करतूत से सहमा परिवार
Auraiya News: औरैया में 11 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, माता-पिता की गैरमौजूदगी में पड़ोसी ने घर में घुसकर की वारदात। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
फोटो-सोशल मीडिया
Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में 11 वर्षीय कक्षा पांच की छात्रा के साथ दुष्कर्म का एक ऐसा मामला सामने आया जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। आरोप है कि माता-पिता की गैरमौजूदगी में पड़ोसी ने घर में घुसकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने बच्ची को पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
माता-पिता दवा लेने गए थे, घर में अकेली थी बच्ची
मामला फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव का है। छात्रा के पिता के मुताबिक, 30 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी के साथ दवा लेने फफूंद बाजार गए थे। घर पर उनकी 11 वर्षीय बेटी और दो साल का बेटा अकेले थे। इसी दौरान पड़ोसी कमलेश बाबू घर में घुस आया। आरोप है कि उसने दरवाजा बंद कर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपी ने बच्ची को धमकाया कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह पूरे परिवार को जान से मार देगा। इस धमकी के कारण बच्ची डर गई और कई दिनों तक किसी को कुछ नहीं बताया।
दर्द होने पर मां को बताई आपबीती
तीन नवंबर को बच्ची को दर्द होने पर उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद पिता ने आरोपी से इस बारे में पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान कमलेश बाबू ने उनके साथ हाथापाई की और धमकी देकर वहां से भगा दिया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
बढ़ते दुष्कर्म के मामले चिंता का विषय
देश में लगातार बढ़ते दुष्कर्म के मामले भारतीय समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। चिंता की बात यह है कि मासूम बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं। आखिर हम कैसा समाज बना रहे हैं, जहां घर के आसपास रहने वाले लोग भी बच्चों की सुरक्षा के बजाय उनके लिए खतरा बन रहे हैं? केवल सख्त कानून बनाना ही काफी नहीं, बल्कि अपराधियों में कानून का डर और समाज में महिलाओं एवं बच्चों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना भी जरूरी है।


