TRENDING TAGS :
Auraiya News: पानी संकट से परेशान युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ा, मचा हड़कंप
Auraiya News: औरैया के फफूंद क्षेत्र में सरकारी हैंडपंप उखाड़ने के विवाद से परेशान युवक 150 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया, पुलिस ने घंटों बाद बचाया।
पानी संकट से परेशान युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ा, मचा हड़कंप (Photo- Newstrack)
Auraiya News: औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पानी की समस्या से परेशान एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक को टॉवर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के पीछे सरकारी हैंडपंप को उखाड़े जाने का विवाद बताया जा रहा है। युवक ने आरोप लगाया कि उसके चाचा ने जबरन सरकारी हैंडपंप में सबमर्सिबल मोटर लगाकर पानी की बर्बादी की और शिकायत करने पर पूरा हैंडपंप ही उखाड़ लिया गया।
सरकारी हैंडपंप को लेकर बवाल
जानकारी के अनुसार, फफूंद थाना क्षेत्र के मालेपुर गांव निवासी दिनेश (30) मिश्रपुर दौलतपुर का रहने वाला है। उसके घर के पास करीब 20 वर्षों से एक सरकारी हैंडपंप लगा हुआ था, जिससे परिवार और आसपास के लोग पानी भरते थे। आरोप है कि कुछ समय पहले दिनेश के चाचा जयकरन ने हैंडपंप में सबमर्सिबल मोटर लगवा दी। इससे रोजाना सैकड़ों लीटर पानी पशुओं को नहलाने और अन्य कार्यों में बर्बाद होने लगा।
दिनेश ने इस मामले की शिकायत ब्लॉक कार्यालय में की थी। आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर उसके चाचा ने न केवल सबमर्सिबल मोटर हटाई, बल्कि पूरा सरकारी हैंडपंप ही उखाड़कर अपने घर में रख लिया। भीषण गर्मी में पानी का संकट गहराने से दिनेश मानसिक रूप से परेशान हो गया।
युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ा
रविवार को वह घर से निकलकर करीब एक किलोमीटर दूर स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक को टॉवर पर देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल राजकुमार सिंह और दमकल कर्मियों ने लाउडस्पीकर के जरिए युवक को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक नीचे उतरने को राजी हो गया।
कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


