TRENDING TAGS :
Auraiya News: प्रसव के दौरान मां और नवजात की मौत, बहन ने ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप
Auraiya News: औरैया के नगला ताल गांव में प्रसव के दौरान 22 वर्षीय रेखा देवी और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। शव गांव पहुंचने पर मृतका की बहन ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर सूचना दी।
Auraiya News
Auraiya News: औरैया में अछल्दा थाना क्षेत्र के नगला ताल गांव में प्रसव के दौरान 22 वर्षीय महिला और उसके नवजात शिशु की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार को महिला का शव गांव पहुंचने पर उस समय मामला गरमा गया, जब मृतका की बहन ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। हालांकि, पूछताछ के दौरान दोनों पक्षों ने हत्या की आशंका से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नगला ताल गांव निवासी कुलदीप दोहरे की शादी 24 जून 2024 को रेखा देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद रेखा अपने पति के साथ फरीदाबाद में रह रही थी। बताया गया कि कुछ समय से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां चिकित्सकों ने प्रसव के लिए ऑपरेशन किया, लेकिन दुर्भाग्यवश ऑपरेशन के दौरान रेखा और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई।सोमवार को जब रेखा का शव गांव पहुंचा तो उसकी बहन रूबी ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर फोन कर दिया। सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम के साथ थाना प्रभारी जीतमल और उपनिरीक्षक मेवालाल मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से अलग-अलग पूछताछ की तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।पुलिस पूछताछ में दोनों पक्षों ने बताया कि रेखा की मौत आगरा के निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान ऑपरेशन के समय हुई थी। दोनों पक्षों ने किसी प्रकार की हत्या की आशंका से इनकार करते हुए पोस्टमार्टम कराने से भी मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।बताया गया कि रेखा की डेढ़ साल की बेटी साक्षी है। मां और नवजात भाई की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।


