TRENDING TAGS :
अवध और मिथिला को जोड़ने जा रही नई ट्रेन, अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा पर CM योगी ने कही बड़ी बात
Ayodhya Janakpur Direct Train: अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। PM नरेंद्र मोदी और नेपाल के PM बालेन्द्र शाह इसका शुभारंभ करेंगे। CM योगी ने इसे भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों का नया अध्याय बताया।
Yogi Adityanath
Ayodhya Janakpur Direct Train: अयोध्या और जनकपुर के बीच अब रेल संपर्क से रिश्तों की नई डोर जुड़ने जा रही है। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देने वाली इस पहल को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामभक्तों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अवध और मिथिला के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और 'रोटी-बेटी' के सदियों पुराने रिश्तों में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। इस सीधी रेल सेवा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या धाम में मौजूद रहेंगे।
अयोध्या में मौजूद रहेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर इस रेल सेवा को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के कर-कमलों से आज प्रभु राम की नगरी अयोध्या और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होगा।
सीएम योगी ने कहा कि प्रभु राम की कृपा से त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए उन्हें अयोध्या धाम में उपस्थित रहने का अवसर मिल रहा है।
भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वास जताया कि भारत और नेपाल के बीच सदियों से कायम आत्मीय एवं सांस्कृतिक संबंध अब आधुनिक रेल संपर्क के माध्यम से और मजबूत होंगे। उन्होंने इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विरासत भी, विकास भी' और 'नेबरहुड फर्स्ट' के संकल्प का जीवंत प्रमाण बताया।
सीएम योगी के मुताबिक, अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा आसान होगी। इसके साथ ही धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और क्षेत्रीय समृद्धि को भी नई गति मिलेगी।
योगी ने रामभक्तों को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने अवध और मिथिला को रेल सेवा के जरिए जोड़ने वाली इस पहल को खास उपहार बताया। उन्होंने कहा कि अवध को मिथिला से एकाकार करने वाले इस पावन उपहार के लिए सभी रामभक्तों को हृदय से बधाई। यह रेल सेवा केवल दो धार्मिक स्थलों को जोड़ने का माध्यम नहीं होगी, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती देगी।


