TRENDING TAGS :
अयोध्या में 'बुर्के वाली' ने ढाया आतंक, जिले में मचाया तांडव, लोग दहशत में
अयोध्या के रुदौली में बुर्का पहनी महिला और उसके साथी ने ज्वेलरी शॉप और सभासद के घर में डकैती कर मचाई दहशत, पुलिस जांच में जुटी।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के रुदौली में गुरुवार को एक बुर्का पहने महिला और उसके साथी ने दहशत फैला दी। बदमाशों ने पहले एक प्रसिद्ध ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया और इसके बाद एक सभासद के घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवर लूट लिए। इन घटनाओं के बाद इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर भय का माहौल बन गया है।
कोठी मोहल्ले स्थित महेश ज्वेलर्स पर एक महिला ग्राहक बनकर पहुंची और गहने दिखाने को कहा। जैसे ही दुकानदार ने सोने के आभूषण सामने रखे, महिला ने अचानक तमंचा निकाल लिया और गहने लूटकर बाहर खड़े अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गई। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
इसके बाद उसी गिरोह ने मलिकजादा मोहल्ले में सभासद मोहम्मद शाहिद के घर को निशाना बनाया। उस समय घर में उनकी बहू अकेली थी। बदमाश घर में घुसे और जेवर तलाशने लगे। आहट से जब उसकी नींद खुली, तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
होश में आने के बाद महिला ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को एक कमरे में बंद करने की कोशिश की और शोर मचाया। हालांकि, पड़ोसियों के पहुंचने से पहले ही लुटेरे छत के रास्ते भाग निकले। बताया जा रहा है कि घर से करीब 6 लाख रुपये के जेवर चोरी हुए हैं।
एक ही दिन में हुई इन दोनों वारदातों से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है। कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।


