Ayodhya News: अयोध्या दीपोत्सव 2026: मुख्यमंत्री योगी ने किया रामलला का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक

Ayodhya News: अयोध्या दीपोत्सव 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामकथा पार्क में भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया। समारोह में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हुए।

NathBux Singh
Published on: 7 Nov 2026 8:48 PM IST
Ayodhya News: अयोध्या दीपोत्सव 2026: मुख्यमंत्री योगी ने किया रामलला का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक
X

Ayodhya News

Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के दसवें दीपोत्सव के अवसर पर शनिवार को रामनगरी अयोध्या में भगवान श्रीराम के आगमन का प्रसंग भव्य और दिव्य स्वरूप में साकार हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीकात्मक रूप से राम रथ खींचकर भगवान श्रीराम का स्वागत किया। इसके बाद रामकथा पार्क में आयोजित भगवान श्रीराम के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक समारोह में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने सहभागिता की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रामकथा पार्क में लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में वर्ष 1528 से लेकर अब तक अयोध्या की ऐतिहासिक यात्रा, शहर के विकास और समय के साथ उसके बदलते स्वरूप को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसमें अयोध्या के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विकासपरक बदलावों को प्रमुखता से दर्शाया गया।दोपहर में भगवान श्रीराम और माता सीता का स्वरूप धारण किए कलाकारों का हेलीकॉप्टर के माध्यम से रामकथा पार्क के समीप आगमन हुआ। इसके बाद भरत मिलाप का भावपूर्ण मंचन किया गया, जिसमें भगवान श्रीराम और भरत के पुनर्मिलन के प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। इस प्रकार भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन से लेकर उनके राज्याभिषेक तक की संपूर्ण रामकथा को समारोह के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया।

रामकथा पार्क में आयोजित समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भगवान श्रीराम एवं माता सीता की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। इसके उपरांत भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर पूज्य संतों का सम्मान भी किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया।इससे पूर्व सुबह साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां और लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया, वहीं लोक कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्सव की भव्यता को और बढ़ाया।दीपोत्सव के अगले चरण में शनिवार शाम सरयू तट पर भव्य महाआरती और राम की पैड़ी पर बड़े पैमाने पर दीप प्रज्ज्वलन का आयोजन किया जाएगा।

NathBux Singh
ABOUT THE AUTHOR

NathBux Singh

वरिष्ठ संवाददाता, अयोध्याayodhyanathbaksh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story