Ayodhya News: दीपोत्सव पर उपराष्ट्रपति और राज्यपाल ने की श्रीरामलला की आरती

Ayodhya News: अयोध्या दीपोत्सव के अवसर पर श्रीरामजन्मभूमि मंदिर परिसर लगभग एक लाख दीपों से जगमगा उठा। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने श्रीरामलला की आरती कर दीप प्रज्ज्वलित किए।

NathBux Singh
Published on: 7 Nov 2026 10:41 PM IST
Ayodhya News: दीपोत्सव पर उपराष्ट्रपति और राज्यपाल ने की श्रीरामलला की आरती
X

Ayodhya News

Ayodhya News: दीपोत्सव के अवसर पर शनिवार को श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने श्रद्धापूर्वक एक साथ श्रीरामलला विराजमान की आरती की। इस दौरान दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। आरती के पश्चात उपराष्ट्रपति और राज्यपाल ने मंदिर प्रांगण में दीप प्रज्ज्वलित किए।

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव पूज्य स्वामी गोविन्ददेव गिरि जी महाराज ने उपराष्ट्रपति और राज्यपाल का स्वागत किया। आरती के समय धार्मिक समिति के सदस्य पूज्य स्वामी कमलनयन दास जी महाराज, पूज्य आचार्य मिथिलेश नन्दिनी शरण जी महाराज, पूज्य स्वामी श्री राजकुमार दास जी महाराज तथा न्यासी पूज्य महंत दिनेंद्र दास जी महाराज उपस्थित रहे। न्यासी श्री कृष्ण मोहन और श्री मदन मोहन पांडे भी इस अवसर पर मौजूद रहे। न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र (सेवानिवृत्त) और सचिव श्री जगदीश आफले ने आयोजन की व्यवस्थाओं की देखरेख की।

मंदिर परिसर में दोपहर से निर्धारित स्थानों पर दीप रखने का कार्य शुरू हुआ, जो शाम चार बजे तक पूरा कर लिया गया। आरती के पश्चात उपराष्ट्रपति और राज्यपाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किए जाने के बाद लगभग तीन हजार श्रद्धालुओं ने परिसर के विभिन्न हिस्सों में दीप जलाए। शाम होते-होते श्रीरामजन्मभूमि मंदिर परिसर लगभग एक लाख दीपों से आलोकित हो उठा। परिसर के अनेक स्थानों पर बनाई गई रंगोलियों ने दीप सज्जा की शोभा और बढ़ा दी।यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी), पीएफसी प्लाजा, नल टीला, श्रीरामजन्मभूमि पथ, बैगेज स्कैनर क्षेत्र, कैनोपी, दर्शन मार्ग, सिंह द्वार और चरण पादुका क्षेत्र दीपों से जगमगाते रहे।

मंदिर का प्रांगण, ग्रीन हाउस, परकोटा, यज्ञशाला, कुबेर टीला, सप्तमंडप, शेषावतार मंदिर, हुतात्मा स्मारक, पंचवटी, यात्री सेवा केंद्र, रामानंदाचार्य द्वार, सीता रसोई और अंगद टीला भी देर रात तक दीपों की रोशनी से आलोकित रहे।दीपोत्सव के अवसर पर साकेत महाविद्यालय से विभिन्न झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। अयोध्यावासियों ने रामपथ पर ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंची। इस दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और उनके भाइयों का स्वरूप धारण किए कलाकार पुष्पक विमान के प्रतीक स्वरूप हेलीकॉप्टर से पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया और उन्हें रथ पर विराजमान कर रामकथा पार्क तक ले गए।

NathBux Singh
ABOUT THE AUTHOR

NathBux Singh

वरिष्ठ संवाददाता, अयोध्याayodhyanathbaksh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story