TRENDING TAGS :
Ayodhya News: अयोध्या में बुलडोजर कार्रवाई पर अखिलेश का हमला, बोले- गरीबों का नुकसान हुआ तो भरपाई करेगी सपा सरकार
Ayodhya News: अयोध्या में विकास कार्यों के नाम पर हो रही तोड़फोड़ को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रभावित परिवारों के नुकसान की भरपाई का भरोसा दिया।
Akhilesh Yadav Ayodhya (Image Credit-Social Media)
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में विकास कार्यों के नाम पर की जा रही तोड़फोड़ और विस्थापन को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर गरीबों के घर-दुकान और रोजी-रोजगार छीनना उचित नहीं है। सरकार को प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अयोध्या के विकास के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम और अयोध्या नगरी के विकास में समाजवादी पार्टी या हम लोग कभी रोड़ा नहीं बन सकते। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अयोध्या को विश्वस्तरीय शहर बनाने का काम किया जाएगा।
उन्होंने भाजपा के पुराने दावों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने अयोध्या को दुनिया के प्रमुख धार्मिक शहरों से बेहतर बनाने और यहां विश्वस्तरीय विकास करने की बात कही थी। अखिलेश ने सवाल उठाया कि विकास की इस प्रक्रिया में गरीब और व्यापारी परिवारों को उजाड़ने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
घर-दुकान तोड़ने से पहले सामान निकालने का मौका मिलना चाहिए था
अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या में कई परिवारों के घर, दुकान और रोजगार से जुड़े स्थानों को बुलडोजर से गिराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित लोगों को अपना सामान निकालने तक का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कार्रवाई का कोई पक्ष हो सकता है, लेकिन सरकार की नीयत साफ होनी चाहिए कि गरीब के प्रति उनका रवैया उदार हो। उन्होंने कहा कि लोगों की पूंजी उनके घर और दुकानों में लगी होती है, इसलिए कम से कम उन्हें अपना सामान सुरक्षित निकालने का अवसर दिया जाना चाहिए।
नुकसान की भरपाई की मांग
सपा प्रमुख ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार को उनके हुए नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा सरकार नुकसान की भरपाई नहीं करती है तो भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रभावित परिवारों के घर-मकान और हुए नुकसान की भरपाई करने का प्रयास किया जाएगा। अखिलेश ने सरकार के बुलडोजर और डिमॉलिशन वाले रवैये पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विकास के साथ प्रभावित लोगों के अधिकारों और सम्मान का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।


