Ayodhya में मानसून की मार! राम दरबार की सीढ़ियां बनीं झरना, VIP इलाकों में भी घुसा पानी

Ayodhya Ram Mandir Waterlogging: अयोध्या के राम मंदिर में बारिश का पानी पहुंचने से हड़कंप मच गया है। तेज बारिश के बीच राम दरबार की सीढ़ियां झरना बन गईं और श्रद्धालुओं को दर्शन से रोकना पड़ा। वहीं रामपथ समेत शहर के कई इलाकों में जलभराव से परेशानी बढ़ी।

Aditya Kumar Verma
Published on: 29 July 2026 12:00 PM IST
Ayodhya Ram Mandir Waterlogging
X

Image Source- Social Media

Ayodhya Ram Mandir Waterlogging: अयोध्या के भव्य राम मंदिर में बारिश का पानी आने का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। तेज बारिश (Heavy Rain) के दौरान राम दरबार (Ram Darbar) की सीढ़ियां झरने की तरह दिखाई दीं। राम दरबार से पानी मंदिर परिसर (Temple Premises) में बहता नजर आया, जिसके बाद श्रद्धालुओं (Devotees) को कुछ समय के लिए दर्शन करने से रोक दिया गया।

देश के सबसे भव्य और चर्चित मंदिरों में शामिल राम मंदिर में इस तरह बार-बार बारिश का पानी पहुंचना अब चिंता का विषय बना हुआ है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर किस वजह से पानी राम दरबार तक पहुंच रहा है और वहां से होकर मंदिर परिसर में आ रहा है। इस मामले पर फिलहाल कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति कुछ बोलने को तैयार नहीं है।

राम दरबार जाने से रोके गए श्रद्धालु

मंगलवार को दर्शन करके बाहर निकले एक श्रद्धालु ने बताया कि बारिश के दौरान वह राम दरबार में दर्शन करने के लिए सामान्य सीढ़ियों से ऊपर जा रहा था। इसी दौरान बारिश का पानी सीढ़ियों से होकर प्रांगण (Courtyard) में बहता दिखाई दिया।

श्रद्धालु के अनुसार, पानी आने के कारण सुरक्षाकर्मियों (Security Personnel) ने उन्हें राम दरबार की तरफ जाने से रोक दिया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच चर्चा शुरू हो गई कि आखिर मंदिर परिसर में इतनी मात्रा में पानी कहां से आ रहा है।

लोगों का कहना है कि उत्तर प्रदेश के सबसे भव्य और लोकप्रिय मंदिर में थोड़ी देर की बारिश के बाद इस तरह पानी भरना चिंता का विषय है।

रामपथ पर जलभराव से आवागमन प्रभावित

राम मंदिर प्रवेश द्वार के सामने रामपथ (Rampath) पर जलभराव (Waterlogging) के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। हनुमानगढ़ी क्षेत्र में टेढ़ी बाजार और बिड़ला धर्मशाला के आसपास भी कुछ देर के लिए पानी भर गया।

बारिश शुरू होते ही अयोध्या के वीआईपी क्षेत्र सिविल लाइन (Civil Lines) समेत रामपथ के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। दोपहर में मौसम में अचानक बदलाव के बाद हुई बारिश से रामपथ से रीडगंज की ओर जाने वाला मार्ग पानी से लबालब हो गया।

सीतापुर नेत्र चिकित्सालय के पुराने भवन के सामने सड़क किनारे बनी दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया। रामपथ से रीडगंज की तरफ जाने वाला रास्ता बारिश के पानी से भर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई इलाकों में लोगों की बढ़ी परेशानी

अयोध्या के जलवानपुरा इलाके में भी पहले की तरह लोग परेशान रहे। रिकाबगंज-कसाबाड़ा मार्ग पर जलभराव के बीच लोगों को मजबूरी में पानी से होकर गुजरना पड़ा।

बारिश के कारण साहबगंज का गंदा नाला (Drain) ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने लगा। टेढ़ी बाजार क्षेत्र में भी तेज बारिश के दौरान हुए जलभराव के कारण लोगों को पानी के बीच से निकलना पड़ा।

इसके अलावा देवकाली वार्ड के श्री राम कुंज कॉलोनी, बछड़ा सुल्तानपुर, शिव पुरम कॉलोनी, देवकाली गांव और टीचर कॉलोनी समेत कई इलाकों में दर्जनों घरों में बारिश का पानी भर गया।

45 मिनट की मूसलाधार बारिश ने बदले हालात

रामनगरी अयोध्या में मंगलवार दोपहर करीब 45 मिनट तक मूसलाधार बारिश (Torrential Rain) हुई। तेज बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों (Low Lying Areas) में कुछ समय के लिए पानी भर गया।

कई जगह नाले उफना गए और सीवर चैंबर (Sewer Chambers) से पानी सड़क पर बहने लगा। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

नाला ओवरफ्लो होने से दुकानों में घुसा पानी

सिविल लाइन क्षेत्र में एक मिठाई की दुकान के पास गंदा नाला ओवरफ्लो हो गया। इसके चलते बारिश का पानी और नाले की गंदगी दुकानों के बेसमेंट (Basement) तक पहुंच गई।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस नाले की लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम (Municipal Corporation) में इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

बारिश के बाद राम मंदिर परिसर से लेकर शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति ने अयोध्या के जल निकासी व्यवस्था (Drainage System) पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story