TRENDING TAGS :
Ayodhya News: अयोध्या साइबर थाने के SI समेत 4 पुलिसकर्मी रिश्वत लेते गिरफ्तार, 2.80 लाख में तय हुआ था सौदा
Ayodhya News: सीकर में राजस्थान ACB ने अयोध्या साइबर क्राइम थाने के SI समेत यूपी पुलिस के 4 जवानों को 2.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपियों ने भागने की कोशिश में ACB की सरकारी गाड़ी को टक्कर मारी।
Ayodhya News (Image Credit-Newstrack)
Ayodhya News: उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। राजस्थान के सीकर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अयोध्या साइबर क्राइम थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को 2.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि साइबर क्राइम थाने में वर्ष 2024 से दर्ज एक मुकदमे में नाम हटाने और मामले को रफा-दफा करने के बदले आरोपियों ने पहले चार लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के बाद 2.80 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।
चार लाख से शुरू हुई मांग, 2.80 लाख में तय हुआ सौदा
ACB के मुताबिक, एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके भाई के खिलाफ अयोध्या के साइबर क्राइम थाने में 2024 से मुकदमा दर्ज है। शिकायतकर्ता का आरोप था कि मुकदमे से उसके भाई का नाम हटाने और केस खत्म करने के बदले पुलिसकर्मी रिश्वत मांग रहे थे। 17 अगस्त को ACB ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच में कांस्टेबल गौरव चारग द्वारा चार लाख रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद बातचीत के दौरान रकम घटाकर 2.80 लाख रुपये पर सौदा तय हुआ।
सीकर में ACB ने बिछाया जाल, रकम लेते ही दबोचे गए
रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद जयपुर ACB के DIG डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में ट्रैप की कार्रवाई की गई। सीकर ACB के ASP विजय कुमार और इंस्पेक्टर सुभाष मील के नेतृत्व में टीम ने पूरी योजना तैयार की। तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को शिकायतकर्ता 2.80 लाख रुपये लेकर आरोपियों के पास पहुंचा। जैसे ही कांस्टेबल सोहनलाल ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, ACB की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर दी।
पकड़ में आने पर कार से भागने की कोशिश, ACB की गाड़ी में मारी टक्कर
ACB टीम को सामने देखकर आरोपियों ने मौके से भागने का प्रयास किया। आरोप है कि उन्होंने अपनी गाड़ी से ACB की सरकारी गाड़ी को जोरदार टक्कर भी मार दी। हालांकि, टीम पहले से मुस्तैद थी और आरोपियों को मौके से भागने नहीं दिया गया। चारों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
अयोध्या साइबर थाने के दरोगा समेत चारों आरोपी कौन?
सीकर ACB के अनुसार गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस के अयोध्या साइबर क्राइम थाने में तैनात हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- सब-इंस्पेक्टर यशवंत सिंह
- कांस्टेबल गौरव चारग
- कांस्टेबल सोहनलाल
- कांस्टेबल पवन त्रिपाठी
चारों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। ACB की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है और रिश्वत प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई राजस्थान ACB की ADG स्मिता श्रीवास्तव और IG एस. परिमला के निर्देशन में की गई है।
यूपी पुलिस की कार्यशैली पर फिर उठे सवाल
राजस्थान में यूपी पुलिस के चार कर्मियों के रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। खास बात यह है कि मामला किसी स्थानीय पुलिसकर्मी का नहीं, बल्कि अयोध्या साइबर क्राइम थाने में तैनात पुलिसकर्मियों का है, जिन पर एक मुकदमे से नाम हटाने के लिए लाखों रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। हालांकि, पूरे मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।


