Ayodhya News: अयोध्या में 167 जोड़ों का सामूहिक विवाह, श्रमिकों को बड़ी राहत

Ayodhya News: मजदूर दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में 164 हिंदू और 3 मुस्लिम जोड़ों का विवाह, हर जोड़े को 85 हजार की सहायता, सादगीपूर्ण विवाह से कुरीतियों पर प्रहार

NathBux Singh
Published on: 1 May 2026 9:40 PM IST
Mass marriage of 167 couples in Ayodhya, big relief to workers
X

अयोध्या में 167 जोड़ों का सामूहिक विवाह, श्रमिकों को बड़ी राहत (Photo- Newstrack)

Ayodhya News: अयोध्या। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, लखनऊ की ओर से निर्माण श्रमिकों के हित में संचालित ‘कन्या विवाह सहायता योजना’ के तहत एक भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उपश्रमायुक्त कार्यालय, खपराडीह कोठी परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें कुल 167 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें से 164 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से हुआ, जबकि 3 मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलवी द्वारा संपन्न कराया गया।

श्रमिकों को आर्थिक सहयोग और सम्मान

अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने श्रमिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार मजदूरों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।


इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त विवाह आयोजन के लिए प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये खर्च किए गए। इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली और उन्हें बिना किसी बोझ के अपनी बेटियों का विवाह संपन्न कराने का अवसर मिला।

सादगीपूर्ण विवाह से कुरीतियों पर प्रहार

कार्यक्रम में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम न केवल गरीब परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें सामाजिक सम्मान भी दिलाते हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद उपयोगी है। वहीं, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने इसे भारतीय संस्कृति और परंपरा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं और उनका लाभ मिल रहा है।


उपश्रमायुक्त अमित मिश्रा ने कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और अधिक से अधिक श्रमिकों से बोर्ड में पंजीकरण कराने की अपील की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिक परिवार मौजूद रहे। कार्यक्रम ने सामाजिक एकता, सादगी और सहयोग की भावना को मजबूती प्रदान की।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story