अब अयोध्या से जनकपुर जाना होगा आसान! रामलला के दर्शन के बाद माता जानकी के दरबार तक दौड़ेगी ट्रेन

Saryu Kamala Express: अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे भारत-नेपाल के धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने वाली पहल बताया। जानिए ट्रेन से किन क्षेत्रों को मिलेगा फायदा।

Newstrack Network
Published on: 23 Nov 2026 2:24 PM IST
अब अयोध्या से जनकपुर जाना होगा आसान! रामलला के दर्शन के बाद माता जानकी के दरबार तक दौड़ेगी ट्रेन
X

Saryu Kamala Express: अयोध्या और मिथिला के बीच सदियों पुराना धार्मिक और पारिवारिक रिश्ता अब रेल की पटरियों पर भी नई रफ्तार पकड़ने जा रहा है। अयोध्या धाम और जनकपुर धाम को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ भारत और नेपाल के संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस रेल सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं, व्यापारियों और आम नागरिकों का आवागमन आसान होगा। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विरासत और विकास' के विजन का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन केवल दो धार्मिक नगरों को नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की साझा आस्था, संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों को भी जोड़ने का काम करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां सरयू की पावन धारा से सिंचित अयोध्या और मां कमला के जल से अभिसिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर का जुड़ाव दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को नया विस्तार देगा। इस रेल सेवा से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, जबकि भारत के श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन करना आसान होगा। इससे भारत और नेपाल के बीच चिरस्थायी मित्रता और आपसी विश्वास भी मजबूत होगा।

राम-जानकी की परंपरा में बसा है भारत-नेपाल का रिश्ता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल राजनीतिक या भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं हैं। दोनों देशों के बीच हजारों वर्षों की साझा आस्था, संस्कृति, आत्मीयता और पारिवारिक रिश्ते हैं। इसी रिश्ते को राम-जानकी की परंपरा में 'रोटी-बेटी का संबंध' कहा जाता है।

उन्होंने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के महर्षि विश्वामित्र के साथ मिथिला जाने तथा विवाह के बाद महाराजा दशरथ की बारात के अयोध्या से जनकपुर पहुंचने के प्रसंग का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये घटनाएं आज भी दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक स्मृतियों में जीवंत हैं। विवाह पंचमी सहित कई पारंपरिक आयोजनों में इन प्रसंगों को उत्सव के रूप में मनाया जाता है।

योगी ने कहा कि अयोध्या के लोग आज भी जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं, जबकि मिथिला क्षेत्र में भगवान श्रीराम को पाहुन मानकर विशेष सम्मान दिया जाता है। जनकपुर के राम-जानकी विवाह मंडप में विवाह पंचमी का उत्सव होता है तो अयोध्या में भी मंगल गीत गूंजते हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पिछले वर्ष विवाह पंचमी के अवसर पर ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा की स्थापना हुई थी।

मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के लगभग 500 वर्षों के संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि इस यात्रा में नेपाल के संतों, युवाओं, माताओं-बहनों और सामान्य श्रद्धालुओं का त्याग व सहयोग हमेशा स्मरणीय रहेगा। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर माता जानकी के मायके जनकपुर धाम से सैकड़ों श्रद्धालु मंगल उपहार लेकर अयोध्या पहुंचे थे।


पशुपतिनाथ से काशी विश्वनाथ और लुंबिनी से कुशीनगर तक आध्यात्मिक जुड़ाव

मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के धार्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर और काशी के बाबा विश्वनाथ धाम के बीच सदियों पुराना आध्यात्मिक जुड़ाव है। उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु पीढ़ियों से मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ की यात्रा करते आ रहे हैं।

उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में मकर संक्रांति के अवसर पर नेपाल से भेजी गई खिचड़ी चढ़ाने की परंपरा और चैत्र नवरात्र में नेपाल से देवीपाटन शक्तिपीठ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक, ये परंपराएं दोनों देशों के बीच आस्था के गहरे संबंधों को प्रदर्शित करती हैं।

योगी ने भगवान बुद्ध की साझा विरासत पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का जन्म नेपाल के लुंबिनी में हुआ था, जबकि उनके जीवन, साधना और धर्म से जुड़े कई महत्वपूर्ण पड़ाव उत्तर प्रदेश में हैं। कपिलवस्तु-पिपरहवा, श्रावस्ती, सारनाथ और कुशीनगर आज भी इस विरासत को जीवंत बनाए हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने जुलाई 2025 में भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों की 127 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हांगकांग से भारत वापसी को गौरव का विषय बताया। पिपरहवा उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में भारत-नेपाल सीमा के निकट स्थित है।

उन्होंने नदियों के जरिए दोनों देशों के प्राकृतिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी रेखांकित किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, नेपाल के हिमालयी क्षेत्र से निकलने वाली कर्णाली, गंडकी, राप्ती और महाकाली जैसी नदियां उत्तर प्रदेश में घाघरा यानी सरयू, गंडक, राप्ती और शारदा के रूप में यहां के खेतों और जनजीवन को समृद्ध करती हैं।


खुली सीमा और 'पड़ोसी प्रथम' नीति से मजबूत होंगे संबंध

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा दुनिया में आपसी विश्वास का अनूठा उदाहरण है। दोनों देशों के हजारों लोग प्रतिदिन व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों के लिए एक-दूसरे के यहां आते-जाते हैं। सुख-दुख की हर घड़ी में भारत और नेपाल एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियां 'पड़ोसी प्रथम' की भावना के अनुरूप हैं। उत्तर प्रदेश के सात जिले पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज नेपाल के साथ लगभग 600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत बनाने के लिए हाईवे, आई-वे और ट्रांस-वे के माध्यम से सड़क, डिजिटल, ऊर्जा, सूचना और रेल संपर्क को विस्तार देने का दृष्टिकोण रखा है। सरयू-कमला एक्सप्रेस इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

योगी ने वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनकपुर के माता जानकी मंदिर परिसर से जनकपुर-अयोध्या बस सेवा को हरी झंडी दिखाए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय अयोध्या में पहली बस का स्वागत करने का अवसर मिला था। अब रेल सेवा शुरू होने से दोनों धामों के बीच संपर्क को और विस्तार मिलेगा।


रुपईडीहा से सोनौली तक कनेक्टिविटी और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने नेपाल सीमा से जुड़े उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि रुपईडीहा में नेपाल बॉर्डर पर प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार है। भारत से नेपाल को होने वाले निर्यात का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से जाता है। रुपईडीहा सीमा के आसपास औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित करने की कार्ययोजना पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि लखनऊ-रुपईडीहा कॉरिडोर के तहत बाराबंकी-बहराइच फोरलेन हाईवे बनने से रुपईडीहा से नेपालगंज तक यात्रा में लगने वाला समय लगभग आधा हो जाएगा। बहराइच के सीमावर्ती रुपईडीहा-नेपालगंज रोड क्षेत्र को नानपारा-बहराइच के रास्ते ब्रॉडगेज और विद्युतीकृत रेल नेटवर्क से जोड़ा जा चुका है। इससे सीमा क्षेत्र में जनसंपर्क और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

योगी ने बताया कि सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां पब्लिक टर्मिनल बिल्डिंग, कार्गो टर्मिनल बिल्डिंग और वेयरहाउस जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह ही 1,450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा नेपाल सीमा से सिद्धार्थनगर और बस्ती होते हुए प्रयागराज तक फोरलेन कॉरिडोर विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने 750 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित छह लेन के गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ नेपाल सीमा के बीच संपर्क मजबूत होगा। वहीं, अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर की ओर जाने वाला श्रीराम-जानकी मार्ग भी आकार ले रहा है। इन परियोजनाओं से व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संपर्क के नए अवसर तैयार होंगे।

अयोध्या में आधुनिक कनेक्टिविटी से धार्मिक पर्यटन को विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कभी उपेक्षा का सामना करने वाली अयोध्या आज आधुनिक और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के साथ विकसित हो रही है। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के जरिए भगवान श्रीराम की नगरी को देश और दुनिया से जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि पहले अयोध्या में सिंगल रेल लाइन की कनेक्टिविटी थी, लेकिन अब यहां डबल रेल लाइन के साथ वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का संचालन हो रहा है। सरयू-कमला एक्सप्रेस धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट को भी नई गति देगी।

यह ट्रेन माता जानकी के प्राकट्य स्थल सीतामढ़ी से होकर गुजरेगी। यहां पुनौरा धाम में माता सीता को समर्पित भव्य मां जानकी मंदिर और आध्यात्मिक नगरी का निर्माण किया जा रहा है। इससे अयोध्या, सीतामढ़ी और जनकपुर जैसे धार्मिक स्थलों के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधा मिलेगी।

10 स्टेशनों पर ठहराव, रोजगार और कारोबार के खुलेंगे नए रास्ते

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 महत्वपूर्ण मध्यवर्ती स्टेशनों पर सरयू-कमला एक्सप्रेस का ठहराव होगा। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल व्यवसाय, स्थानीय शिल्प और परिवहन के क्षेत्र में हजारों नए रोजगार अवसर पैदा होने की संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि रेल सेवा से दोनों देशों के नागरिकों के बीच पीपल-टू-पीपल कनेक्ट और आपसी विश्वास भी मजबूत होगा। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जनकपुर की मिथिला पेंटिंग से जुड़ी महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह रेल सेवा उनके आर्थिक सशक्तीकरण का माध्यम बन सकती है। बेहतर आवागमन से स्थानीय हस्तशिल्प को नए बाजार मिलेंगे और महिला कारीगरों के लिए आर्थिक अवसर बढ़ेंगे।

योगी ने कहा कि रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट दोनों का केंद्र उत्तर प्रदेश है और इनका विस्तार नेपाल तक है। ऐसे में सरयू-कमला एक्सप्रेस केवल यातायात की सुविधा नहीं, बल्कि दोनों देशों की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

कार्यक्रम में PM मोदी, नेपाल के PM बालेंद्र शाह और रेल मंत्री रहे मौजूद

सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह केपी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव उपस्थित रहे।

वहीं, अयोध्या धाम से प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान और अभय सिंह मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद लल्लू सिंह, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पांडे और मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा समेत अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story