Ayodhya News: रामायण वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे सीएम योगी, अयोध्या को मिलेगा नया पर्यटन आकर्षण

Ayodhya News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को अयोध्या में रामायण वैक्स म्यूजियम का लोकार्पण, जैन पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में सहभागिता और नगर निगम की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।

Newstrack Network
Published on: 18 Jun 2026 11:01 PM IST
CM Yogi Adityanath  Ayodhya Visit
X

CM Yogi Adityanath Ayodhya Visit (Image Credit-Social Media)

लखनऊ, 18 जून। रामनगरी अयोध्या शुक्रवार को एक साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक गतिविधियों की साक्षी बनेगी। 19 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए अयोध्या पहुंचेंगे। उनके कार्यक्रमों में श्री ऋषभ देव दिगंबर जैन मंदिर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव, महंत नृत्य गोपालदास जी का जन्मोत्सव समारोह, रामायण वैक्स म्यूजियम का लोकार्पण तथा नगर निगम अयोध्या की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल है।

जैन समाज के लिए विशेष महत्व का दिन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 3:30 बजे श्री ऋषभ देव दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होंगे। जैन धर्म में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का विशेष महत्व है। यह आयोजन तीर्थंकरों के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख कल्याणकों, गर्भ, जन्म, तप, केवलज्ञान और मोक्ष की स्मृति में मनाया जाता है। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए जैन श्रद्धालु, संत और धर्माचार्य मौजूद रहेंगे। अयोध्या का जैन धर्म से भी गहरा संबंध माना जाता है। सीएम योगी योगी की उपस्थिति इस कार्यक्रम को और अधिक महत्वपूर्ण बनाएगी।

महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव में सीएम योगी समेत अनेक गणमान्य होगें शामिल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 4:20 बजे महंत नृत्य गोपालदास जी के जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे। महंत नृत्य गोपालदास रामजन्मभूमि आंदोलन और सनातन परंपरा के प्रमुख संतों में माने जाते हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। इस जन्मोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संत-महंत समेत तमाम गणमान्य शामिल होंगे।

रामायण वैक्स म्यूजियम से पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

अयोध्या में कांशीराम कॉलोनी के पास लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बने रामायण वैक्स म्यूजियम का शाम करीब 5:10 बजे सीएम योगी लोकार्पण करेंगे। यह म्यूजियम अयोध्या के सांस्कृतिक और पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। म्यूजियम में रामायण के विभिन्न प्रसंगों, भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान और अन्य प्रमुख पात्रों की जीवंत मोम प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इसके अलावा नगर निगम अयोध्या की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी होगा।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story