TRENDING TAGS :
आजम खान की बढ़ेंगी मुश्किलें? 426 करोड़ के गबन केस में सुनवाई आज, कस्टडी पर आ सकता है बड़ा फैसला
Azam Khan Custody Hearing: आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 426 करोड़ रुपये की ब्लैकमनी और 80 करोड़ से ज्यादा के सरकारी धन के दुरुपयोग मामले में आज कस्टडी पर सुनवाई होगी।
Image Source- Social Media
Azam Khan Custody Hearing: जौहर यूनिवर्सिटी में धन और गबन के मामले में आजम खान की कस्टडी पर सुनवाई आज होगी। आजम खान इस वक्त गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं। वहीं से वो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश हो सकते हैं। आजम खान को रामपुर जेल से रिहा होते ही शनिवार शाम को ईडी ने अपनी कस्टडी में ले लिया था। इसके बाद आज दो मामलों में उनकी सुनवाई है।
400 करोड़ से अधिक गबन का आरोप
आजम खान पर जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में 426 करोड़ से ज्यादा की ब्लैकमनी और 80 करोड़ से ज्यादा के सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला दर्ज है। 13 अक्टूबर को ईडी ने आजम खान और उनके जौहर ट्रस्ट समेत पांच लोगों के खिलाफ यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी धन के गबन और धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोर्ट ने इस मामले में 2 नवंबर को आजम खान को तलब किया था। ऐसे में अगर कोर्ट उनकी रिमांड को मंजूर कर लेता है तो फिर आजम खान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं और उन्हें आगे भी जेल में रहना पड़ सकता है।
1990 में जौहर अली ट्रस्ट का किया था गठन
आजम खान ने साल 1990 में जौहर अली ट्रस्ट का गठन किया था। ट्रस्ट के अध्यक्ष वो खुद थे। जबकि उनकी पत्नी, बहन और दोनों बेटों को सदस्य बनाया गया था। ईडी की ओर से दर्ज कराई गई FIR में जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी धन के दुरुपयोग, कमीशनखोरी और बिना हिसाब के चार सौ करोड़ खर्च करने का आरोप लगा है, दावा किया जा रहा है कि इसके सबूत भी मौजूद हैं।
रामपुर जेल से रिहा होते ही ED ने किया था गिरफ्तार
आपको बता दें कि शानिवार शाम को ही आजम खान फर्जी पैन कार्ड मामले में 11 महीने के बाद जेल से रिहा हुए थे। हालांकि रामपुर जेल से रिहा होते ही ईडी ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया था और पूछताछ के लिए गाजियाबाद ले आई थी। इसके बाद कोर्ट में उनके रिमांड के लिए अपील की गई थी और इस वक्त आजम खान डासना जेल में बंद हैं।


