TRENDING TAGS :
हमें मर जाना चाहिए था... आखिर अखिलेश के सामने क्यों छलका आजम खान का दर्द?
सपा के घोषणापत्र कार्यक्रम में आजम खान ने जेल में बिताए साढ़े पांच साल का दर्द बयां किया और कहा कि वह मुश्किलों के बाद भी जिंदा खड़े हैं।
Azam Khan: लखनऊ में समाजवादी पार्टी के ‘जन-मन घोषणापत्र’ कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेता आजम खान ने अपने संबोधन से सबका ध्यान खींचा। उन्होंने जेल में बिताए साढ़े पांच साल का जिक्र करते हुए कहा, 'हम बड़े सख्त जान थे, जो आपके सामने जिंदा खड़े हैं। हम मरेंगे तो कुछ कर के मरेंगे।' आजम खान ने कहा कि जेल की कोठरी में बिताए लंबे वक्त ने उनके दिल और दिमाग पर गहरा असर डाला है। वह नफरत और घृणा के दौर से गुजरे हैं।
आजम खान ने कहा कि मुझ पर जितने ज़ुल्म हुए हैं, कोई कमज़ोर इंसान होता, तो वह मर जाता. आजम ने याद दिलाया कि उन्होंने अपनी जिंदगी के 50 साल मुलायम सिंह यादव यानी नेताजी के साथ बिताए हैं और अब वह अखिलेश यादव के साथ हैं। सपा के घोषणापत्र पर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ वादों का दस्तावेज नहीं है और न ही कोई आसमानी किताब है कि इसमें जो लिख दिया गया, बस वही होगा। जो बातें इसमें नहीं लिखी गई हैं, उन पर भी काम किया जाएगा।
ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर भी साधा निशाना
आजम खान के बयान को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा की राजनीतिक रणनीति और विपक्षी दलों के बीच बढ़ती हलचल से जोड़कर भी देखा जा रहा है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को लेकर पूछे गए सवाल पर आजम खान ने कहा कि कुछ लोग समाजवादी पार्टी का चुनावी खेल बिगाड़ना चाहते हैं। उन्होंने खुद को वोट काटने वाला नहीं, बल्कि वोट जोड़ने वाला बताया।
गौरतलब है कि ओवैसी और चंद्रशेखर ने यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है और चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया है। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने संविधान दिवस पर अपना ‘जन-मन घोषणापत्र’ जारी किया है, जिसमें पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों पर खास जोर है।
आजम खान अंतरिम जमानत पर जेल से रिहा होने के बाद पहली बार लखनऊ में पार्टी के इस बड़े कार्यक्रम में पहुंचे थे। ऐसे में उनका भावुक संबोधन और गठबंधन को लेकर दिया गया बयान यूपी की चुनावी राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।


