TRENDING TAGS :
आजमगढ़ में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, पूजा कराने आए 2 पंडितों और पत्नी की गोली मारकर हत्या
आजमगढ़ के शंभूपुर गांव में पूजा के दौरान विवाद के बाद दो पुजारियों और आरोपी की पत्नी की गोली मारकर हत्या की सूचना है। वारदात के बाद आरोपी बच्चों संग घर में बंद है, पुलिस बातचीत से बाहर निकालने में जुटी है।
Azamgarh Triple Murder: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक ही घर में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। घटना अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव की बताई जा रही है, जहां पूजा-पाठ के लिए आए दो पुजारियों और घर की महिला की गोली लगने से मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने बच्चों के साथ घर के अंदर बंद हो गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।
पूजा के दौरान हुआ विवाद, फिर चली गोलियां
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी अरविंद के घर में सोमवार से पूजा-पाठ चल रहा था। इसी दौरान घर आए दो पंडितों से आरोपी ने कथित तौर पर आधार कार्ड दिखाने को कहा। आधार कार्ड को लेकर विवाद बढ़ गया और इसके बाद आरोपी ने फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दोनों पुजारियों और आरोपी की पत्नी की मौत होने की सूचना है। घटना के समय घर में आरोपी की बुजुर्ग मां और बच्चे भी मौजूद बताए जा रहे हैं।
बच्चों को लेकर घर में बंद हुआ आरोपी
तीन लोगों की हत्या के बाद आरोपी के खुद को बच्चों के साथ घर में बंद कर लेने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती जानकारी में घर के अंदर तीन बच्चों के होने की आशंका जताई गई है। इनमें करीब 10 साल और 7 साल के दो बच्चे तथा करीब छह महीने का एक बच्चा बताया जा रहा है।
बच्चों की मौजूदगी और आरोपी के हथियारों के साथ घर के अंदर होने की सूचना के बाद पुलिस बेहद सावधानी से कार्रवाई कर रही है। फिलहाल प्राथमिकता बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना और स्थिति को बिना किसी और नुकसान के नियंत्रित करना है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। पुलिस आरोपी से बातचीत कर उसे घर से बाहर निकालने की कोशिश कर रही है।
मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण पुलिस किसी भी जल्दबाजी से बच रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि आरोपी को समझाकर आत्मसमर्पण के लिए तैयार किया जाए और घर के अंदर मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हत्या की पूरी वजह, फायरिंग की परिस्थितियां और आरोपी के पास मौजूद हथियारों को लेकर विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


