TRENDING TAGS :
Azamgarh News: नियमों एवं मानकों के विपरीत संचालित ईंट भट्ठों पर कार्यवाही विवरण दे- अपर आयुक्त
Azamgarh News: अपर आयुक्त प्रमोद कुमार पाण्डेय ने नियमों के विपरीत संचालित ईंट भट्ठों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए, विभागों से रिपोर्ट मांगी।
नियमों एवं मानकों के विपरीत संचालित ईंट भट्ठों पर कार्यवाही विवरण दे- अपर आयुक्त (Photo- Newstrack)
Azamgarh News: आजमगढ़ मण्डल के जनपदों में नियमों और मानकों की अनदेखी कर संचालित ईंट भट्ठों पर प्रभावी रोक लगाये जाने के दृष्टिगत मण्डलायुक्त विवेक द्वारा दिये गये निर्देश के क्रम में अपर आयुक्त-प्रशासन प्रमोद कुमार पाण्डेय ने वृहस्पतिवार को देर सायं सम्बन्धित विभागों के साथ समीक्षा की। उन्होंने ईंट भट्ठों से सम्बन्धित समस्त विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी ईंट भट्ठे नियमों और मानकों की अनेदखी कर संचालित किये जा रहे हैं, उनके विरुद्ध कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि इस सम्बन्ध में अब तक विभागों द्वारा जो भी कार्यवाही की गयी है उसका विवरण तत्काल उपलब्ध करायें। अपर आयुक्त श्री पाण्डेय ने मण्डल के तीनों जनपदों में जिन ईंट भट्ठों के विरुद्ध प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड लखनऊ द्वारा बन्दी आदेश निर्गत किये गये हैं, उसकी जानेारी ली तथा निर्देश दिया कि बिना सहमति जल एवं वायु प्रमाण-पत्र प्राप्त किये संचालित ईंट भट्ठों को तीनों जनपदों में जिला प्रशासन के सहयोग से बन्द कराया जाय तथा बन्दी आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाय।
अपर आयुक्त पाण्डेय ने कहा कि शासनादेश में व्यवस्था दी गयी है कि ईंट भट्ठा की फूकाई के सम्बन्ध में अथवा खनन पट्टा के लिए जिला पंचायत/सम्बन्धित जिला प्रशासन द्वारा कोई अनुज्ञप्ति तब तक नहीं प्रदान की जायेगी जब तक कि राज्य बोर्ड द्वारा जारी की गयी विधिमान्य पूर्व सहमति (अनापत्ति प्रमाण पत्र) ईंट भट्ठे के स्वामी द्वारा प्राप्त न कर ली जाय।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत, प्रदूष नियन्त्रण बोर्ड, खनन विभाग के साथ ही ईंट भट्ठों के संचालन की प्रक्रिया में वन, जीएसटी, उद्यान एवं श्रम विभाग आदि का भी दायित्व निर्धारित है। उन्होंने समस्त सम्बन्धित विभागों को निर्देश दिया कि जो भी अनापत्ति दी जाय,उसमे पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए, किसी भी दशा में नियमों और मानकों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
अपर आयुक्त ने कहा कि ईंट भट्ठों को नियमों और मानकों के अनुकूल संचालित कराये जाने के दृष्टिगत पैन कार्ड को अनिवार्य किया जाय।अपर आयुक्त प्रमोद कुमार पाण्डेय ने बैठक में अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत मऊ की अनुस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया। उक्त समीक्षा बैठक में तीनों जनपद के सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


