TRENDING TAGS :
Azamgarh News: दुर्गा पूजा पंडाल में करंट लगने से 12 वर्षीय बालक की मौत, गांव में पसरा मातम
Azamgarh News: आजमगढ़ के फूलपुर क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में दुर्गा पूजा पंडाल के पास करंट लगने से 12 वर्षीय श्रेयांस यादव की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
Azamgarh News
Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद के फूलपुर क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में सोमवार की रात दुर्गा पूजा पंडाल के पास करंट की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक श्रेयांस यादव की मौत हो गई। वह पूर्व प्रधान बागेश्वर यादव का पौत्र और इंद्रेश यादव का पुत्र था। मासूम की असामयिक मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात श्रेयांस अपने घर के पास स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के आसपास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह कथित तौर पर पंडाल में लगे किसी खुले बिजली के तार या उपकरण के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद कराई और बालक को बचाने का प्रयास किया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में श्रेयांस को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
यह खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर और गांव में दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।इस दर्दनाक घटना के बाद दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली की सुरक्षित व्यवस्था और खुले तारों से बचाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और करंट लगने का वास्तविक कारण क्या था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


