TRENDING TAGS :
Azamgarh News: आजमगढ़ में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, 15 वर्षीय किशोर की मौत
Azamgarh News: आजमगढ़ के रौनापार थाना क्षेत्र में केशवपुर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 15 वर्षीय किशोर गोलू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Azamgarh News
Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर केशवपुर गांव के पास सहायक खंड-32 नहर के समीप सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाटघाट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक किशोर को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चिऊटीडाड़ गांव निवासी गोलू (15) पुत्र स्वर्गीय राजू अपने साथी करन कुमार (24) निवासी हरदौली के साथ बाइक से लाटघाट से दोहरीघाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार जीयनपुर थाना क्षेत्र के करमड़ी गांव निवासी मनीष सिंह (27) और लाटघाट के मोचीपुर निवासी सूर्यांशु चौरसिया (28) काखभार की तरफ से लाटघाट आ रहे थे।सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे केशवपुर गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी लाटघाट पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने गोलू को मृत घोषित कर दिया, जबकि करन, मनीष और सूर्यांशु की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आजमगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वाला गोलू दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई है। पिता की बचपन में ही मौत हो जाने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति में सहयोग करने के लिए वह दोहरीघाट की एक किराना दुकान पर काम करता था। सोमवार को वह अपने दोस्त के साथ किसी काम से लाटघाट आया था। घर लौटते समय रास्ते में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली।किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इस संबंध में थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि हादसे के समय दोनों बाइकों पर सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया


