TRENDING TAGS :
Azamgarh News: जिला महिला चिकित्सालय से निकली भव्य तिरंगा यात्रा, चला हर घर तिरंगा अभियान
Azamgarh News: हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला महिला चिकित्सालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।
Azamgarh News(Photo-Social Media)
Azamgarh News: हर घर तिरंगा अभियान के तहत 14 अगस्त को आजमगढ़ में स्वास्थ्य विभाग की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला महिला चिकित्सालय परिसर से शुरू हुई इस यात्रा में चिकित्सकों, नर्सिंग छात्राओं, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व अपर निदेशक, आजमगढ़ मंडल डॉ. विजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा और जिला महिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव ने किया। यात्रा चिकित्सालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों से होकर गुजरी और वापस जिला महिला चिकित्सालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘जय जवान-जय किसान’, ‘अमर शहीद अमर रहें’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। नर्सिंग छात्राओं और स्वास्थ्यकर्मियों के जोशीले नारों ने कार्यक्रम में विशेष उत्साह भर दिया।
एकता और अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश
अपर निदेशक डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है। यह देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की ऐसी सहभागिता समाज में राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करती है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने कहा कि तिरंगा देश के स्वाभिमान, स्वतंत्रता और उन वीर सपूतों के बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने जनपदवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
स्वास्थ्यकर्मियों ने लिया राष्ट्र की एकता का संकल्प
जिला महिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी चिकित्सकों, नर्सिंग छात्राओं, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों के भीतर राष्ट्रप्रेम, एकता और कर्तव्यबोध की भावना को और मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में डॉ. अशोक पटेल, डॉ. ज्योत्सना द्विवेदी, डॉ. श्रेष्ठा अग्रवाल, मैट्रेन दुर्गा देवी, स्मिता राय, शकुंतला यादव और एएनएमटीसी की प्रधानाचार्य प्रियंका यादव सहित कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।


