TRENDING TAGS :
Azamgarh News: आजमगढ़ में बाइक और स्कूल बस की टक्कर, युवक की मौत, टाइल्स मिस्त्री गंभीर घायल
Azamgarh News: आजमगढ़ के जीयनपुर में सेंट जेवियर्स स्कूल के पास बाइक और स्कूल बस की टक्कर में 26 वर्षीय मुकेश राजभर की मौके पर मौत हो गई, जबकि टाइल्स मिस्त्री मानिकचंद चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए।
Azamgarh News
Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को बाइक और स्कूल बस की जबरदस्त टक्कर में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार टाइल्स मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना उस समय हुई, जब दोनों जीयनपुर स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के पास टाइल्स खरीदने जा रहे थे।मिली जानकारी के अनुसार, दाउदपुर गांव निवासी मुकेश राजभर (26) पुत्र विक्रम राजभर अपने घर में टाइल्स लगवाने के लिए गांव के टाइल्स मिस्त्री मानिकचंद चौहान (40) पुत्र डेभा चौहान, निवासी टीमलपट्टी, जोगियाबीर के साथ बाइक से जीयनपुर जा रहा था।
इसी दौरान लाटघाट की तरफ से आ रही सेंट जेवियर्स स्कूल की बस स्कूल के गेट के अंदर मुड़ रही थी।इसी दौरान बाइक बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मानिकचंद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायल मानिकचंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लाटघाट पहुंचाया गया।वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मुकेश दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही अपना घर बनवाने के लिए गांव आया था।घर में टाइल्स लगवाने का काम शुरू होना था, जिसके लिए वह मिस्त्री के साथ सामान खरीदने निकला था।
इसी बीच हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मुकेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका छोटा भाई रामकेश राजभर इजरायल में नौकरी करता है।परिवार में चार बहनें हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है, जबकि दो छोटी हैं। मां सेवती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि हादसे में बेटे की मौत की सूचना अभी तक घर की महिलाओं को नहीं दी गई थी।जीयनपुर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।वहीं, सेंट जेवियर्स स्कूल, जीयनपुर के प्रबंधक संजय पाठक ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि लापरवाह चालक के खिलाफ स्कूल प्रबंधन की ओर से भी कार्रवाई की जाएगी।


