TRENDING TAGS :
Azamgarh News: दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
Azamgarh Encounter News: आजमगढ़ दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म का आरोपी मोहम्मद जाहिद 24 घंटे में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, फायरिंग में पैर में गोली लगी।
Azamgarh Encounter News
Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने घटना दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मामला गंभीरपुर थाना क्षेत्र का है, जहां 5 जून को पीड़िताओं की मां ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मोहम्मद जाहिद उर्फ रुस्तम ने उसकी दोनों नाबालिग बेटियों को बहला-फुसलाकर और डरा-धमकाकर अपने बाग में बने ट्यूबवेल के कमरे में ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म किया।तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने दोनों लड़कियों को किसी को भी घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
पीड़िता की तहरीर के आधार पर गंभीरपुर थाना पुलिस ने मुकदमा संख्या 141/2026 दर्ज किया। आरोपी मोहम्मद जाहिद उर्फ रुस्तम पुत्र मोहम्मद शफीक निवासी गंभीरपुर थाना गंभीरपुर जनपद आजमगढ़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने तत्काल टीमों का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
चेकिंग के दौरान मिली आरोपी की सूचना
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 5 जून को थानाध्यक्ष गंभीरपुर अमित कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी गंभीरपुर उपनिरीक्षक संदीप दूबे और पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी।सदाफल तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म का आरोपी मोहम्मद जाहिद उर्फ रुस्तम मोटरसाइकिल से मदारपुर-लहबरिया मार्ग होते हुए अपने घर की तरफ जाने वाला है।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने जहांनिया मोड़ पर सघन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक घबरा गया और तेजी से मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा।जल्दबाजी में मोटरसाइकिल फिसल गई और आरोपी सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद वह तुरंत उठकर पुलिस पर असलहे से फायरिंग करने लगा और पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी देने लगा।
आत्मरक्षा में पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी को कई बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की।जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही पुलिस के कब्जे में आ गया।
घायल आरोपी को भेजा गया अस्पताल
पुलिस ने घायल बदमाश की पहचान मोहम्मद जाहिद उर्फ रुस्तम पुत्र मोहम्मद शफीक निवासी बैराडीह उर्फ गंभीरपुर थाना गंभीरपुर जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 45 वर्ष के रूप में की।पुलिस ने आरोपी को रात करीब 10 बजकर 5 मिनट पर हिरासत में लिया और उपचार के लिए तत्काल सदर अस्पताल भेज दिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


