Azamgarh News :25 हजार के इनामी दो लुटेरे पुलिस मुठभेड़ में पैर मे लगी गोली , पुलिस ने किया गिरफ्तार

Azamgarh News: फूलपुर पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में गोली लगी, लूट का सामान और हथियार बरामद।

Shravan Kumar
Published on: 25 Jun 2026 8:48 AM IST
Azamgarh News :25 हजार के इनामी दो लुटेरे पुलिस मुठभेड़ में पैर मे लगी गोली , पुलिस ने किया गिरफ्तार
X

Azamgarh Police Encounter

Azamgarh News :25 जून आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी।

पुलिस ने उनके कब्जे से लूट का माल, अवैध असलहे, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फूलपुर पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान समीर पुत्र अफसर निवासी सहजेरपुर थाना फूलपुर तथा शिव कुमार राजभर उर्फ लाला पुत्र ललई राजभर निवासी चकबहार थाना फूलपुर के रूप में हुई है।

दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक 17 जून 2026 को फूलपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ऑटो रिक्शा से फूलपुर से दुर्वाषा की ओर जा रही थी। रास्ते में सदरपुर बरौली के पास केटीएम बाइक सवार दो बदमाशों ने असलहा दिखाकर महिला का पर्स छीन लिया था। पर्स में मोबाइल फोन, मंगलसूत्र, सोने की झुमकी, चांदी की पायल, नकदी और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।

इस मामले में थाना फूलपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा 14 जून को सरायमीर थाना क्षेत्र में भी इसी गिरोह ने ऑटो से जा रही एक महिला का पर्स छीन लिया था, जिसमें मोबाइल फोन, नकदी, आधार कार्ड और अन्य सामान रखा हुआ था। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय था। 24 और 25 जून की रात थाना फूलपुर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट और छिनैती की घटनाओं में शामिल दो बदमाश बिना नंबर प्लेट की केटीएम मोटरसाइकिल से मुड़ियार ईदगाह के पास मौजूद हैं और किसी नई वारदात की फिराक में हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश बाइक लेकर भागने लगे। पीछा किए जाने पर उन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली से पुलिस वाहन की हेडलाइट भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस द्वारा कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद वे फायरिंग करते रहे। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े।

पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए सीएचसी फूलपुर भेजा, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने 2 अवैध देशी तमंचे, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक जोड़ी चांदी की पायल, 1577 रुपये नकद तथा केटीएम-250 मोटरसाइकिल संख्या UP50DL3584 बरामद की है।

पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे केटीएम बाइक की तेज रफ्तार का फायदा उठाकर महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाते थे। सुनसान स्थानों पर वारदात को अंजाम देकर असलहा दिखाकर लोगों को आतंकित करते और तुरंत फरार हो जाते थे। अभियुक्तों ने फूलपुर और सरायमीर क्षेत्र की दोनों लूट की घटनाओं को स्वीकार किया है।

इसके अलावा माहुल, पवई और अन्य क्षेत्रों में मोबाइल छिनैती की कई घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस को उनके अन्य सहयोगियों और कई पुरानी घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामले में थाना फूलपुर पर दोनों अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आयुध अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है।

Shravan Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Shravan Kumar

Experience - 10 Years Print Media

Next Story