TRENDING TAGS :
Azamgarh News: आजमगढ़ में शीशम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
Azamgarh News: आजमगढ़ के महुजा गांव में एक युवक का शव शीशम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Azamgarh News
Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के महुजा गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सुबह एक युवक का शव शीशम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जौनपुर जनपद के प्रेमराजपुर गांव निवासी 22 वर्षीय करन गौतम अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए महुजा गांव आया था। वह पिछले कई दिनों से अपनी बहन के घर रहकर शादी की तैयारियों में सहयोग कर रहा था। सोमवार रात बारात आने के बाद परिवार वैवाहिक कार्यक्रमों में व्यस्त था।इसी दौरान करन घर से कहीं चला गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने मार्टिनगंज–ठेकमा मार्ग स्थित पुरानी चीनी मिल के सामने एक शीशम के पेड़ से युवक का शव लटका देखा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।उनका कहना है कि शव जमीन से सटा हुआ था, जिससे मामला संदेहास्पद प्रतीत होता है। करन गौतम पांच भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश यादव ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


