TRENDING TAGS :
Azamgarh News: पूर्व केंद्रीय मंत्री चंद्रजीत यादव की पुण्यतिथि पर जुटे बुद्धिजीवी, किया याद
Azamgarh News: आजमगढ़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री चंद्रजीत यादव की 19वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक और बौद्धिक वर्ग के लोगों ने उनके विचारों और योगदान को याद किया।
Azamgarh News(Photo-Social Media)
Azamgarh News: आजमगढ़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री और समाजवादी विचारक स्वर्गीय चंद्रजीत यादव की 19वीं पुण्यतिथि पर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक नेहरू हॉल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सामाजिक न्याय आंदोलन और सामाजिक न्याय एवं बाल भवन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में जनपद सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक, राजनीतिक और बौद्धिक जगत से जुड़े लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने चंद्रजीत यादव के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए वर्तमान दौर में उनके विचारों की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम की शुरुआत अरविंद कुमार भारतीय एडवोकेट के बौद्धिक वक्तव्य से हुई। उन्होंने कहा कि चंद्रजीत यादव ने साम्यवाद और सामाजिक न्याय को जोड़ते हुए समतामूलक समाज की नई अवधारणा प्रस्तुत की थी। उन्होंने जीवनभर समाजवाद को भारतीय परिवेश के अनुरूप नई दिशा देने का कार्य किया।
देवरिया से आए चंद्रभूषण सिंह यादव ने कहा कि स्वर्गीय चंद्रजीत यादव ने समानता आधारित समाज की स्थापना के लिए संघर्ष किया और अपने विचारों से समाज को नई दिशा दी। वाराणसी से आए डॉ. लालजीत यादव ने उन्हें संघर्षशील और कभी हार न मानने वाला नेता बताया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि आज के दौर में बढ़ते पूंजीवाद और साम्राज्यवाद के बीच चंद्रजीत यादव के विचार और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि उनके विचार आज भी समाज और राजनीति को मार्गदर्शन दे रहे हैं।
विधायक अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि चंद्रजीत यादव युवाओं और बेरोजगारों की समस्याओं को लेकर हमेशा गंभीर रहते थे। वहीं शिब्ली एकेडमी के उमैर सिद्दीकी ने देश में बढ़ती सांप्रदायिकता के संदर्भ में उनके विचारों को बेहद महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में अधिवक्ता दयाराम यादव, संतोष कुमार यादव, रामनयन यादव, मुनीर यादव, राम समूझ चौहान, राम अवध यादव, रामगणेश प्रजापति, अमित श्रीवास्तव एडवोकेट, विमला यादव एडवोकेट समेत कई लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। सामाजिक न्याय एवं बाल भवन केंद्र के निदेशक रामजनम यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जरूर आलम ने की, जबकि संचालन रामकुमार यादव ने किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं दिनेश यादव, गोविंद यादव, उमेश यादव और विनोद राम की देखरेख में संपन्न हुईं।


