Azamgarh News: छुट्टी पर घर आए सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Azamgarh News: प्रयागराज पुलिस लाइन में तैनात 2017 बैच के सिपाही अंबिका यादव दो दिन पहले गांव आए थे, कमरे में मृत मिले, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह होगी स्पष्ट।

Shravan Kumar
Published on: 26 Nov 2026 10:45 PM IST
Soldier dies under suspicious circumstances, child Kohram among relatives
X

छुट्टी पर घर आए सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों में मचा कोहराम (Photo- Newstrack)

Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के छिछौरी गांव में जब छुट्टी पर घर आए एक पुलिसकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 30 वर्षीय सिपाही अंबिका यादव अपने कमरे में मृत अवस्था में मिले। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

बिलरियागंज थाना अंतर्गत छिछौरी गांव निवासी अंबिका यादव वर्ष 2017 बैच के सिपाही थे। वह प्रयागराज पुलिस लाइन में तैनात थे। नौकरी के चलते वह परिवार से दूर रहते थे। दो दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। उनके घर पहुंचने से परिवार में खुशी का माहौल था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह खुशी इतनी जल्द मातम में बदल जाएगी।

परिजनों के मुताबिक, बुधवार की रात अंबिका यादव ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भोजन किया। इसके बाद वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कमरे में सोने चले गए। रात में सब कुछ सामान्य था। गुरुवार की सुबह काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकले और न ही जागे, तो परिजनों को चिंता हुई।

इसके बाद उनकी छोटी बहन ममता उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंची। कई बार आवाज लगाने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो पास जाकर देखा। अंबिका यादव को मृत अवस्था में देखकर वह चीख पड़ी। उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी कमरे में पहुंचे। कुछ ही देर में घर में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, सिपाही की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Shravan Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Shravan Kumar

Azamgarh Reportershrawan5384@gmail.com

Experience - 10 Years Print Media

Next Story